बर्थडे स्पेशल 4 सितम्बर: फिल्मों में रोमांटिक किरदार निभाने के लिए मशहूर थे ऋषि कपूर
बर्थडे स्पेशल 4 सितम्बर: फिल्मों में रोमांटिक किरदार निभाने के लिए मशहूर थे ऋषि कपूर

बर्थडे स्पेशल 4 सितम्बर: फिल्मों में रोमांटिक किरदार निभाने के लिए मशहूर थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड में 'चिंटू' के नाम से मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर आज हमारे बीच नहीं है। फिल्मों में अपनी खूबसूरत मुस्कराहट और रोमांटिक किरदारों से उन्होंने हर किसी को अपना दीवाना बना लिया था। ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर 1952 को मुंबई में हुआ था। ऋषि कपूर फिल्म निर्देशक और अभिनेता राज कपूर के बेटे थे। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई मुंबई से हुई थी। फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के कारण ऋषि कपूर की रुचि शुरू से ही फिल्मों में रही। अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए उन्होंने भी अभिनय को अपना करियर चुना। ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में अपने अभिनय की शुरुआत 1970 में आई फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से की। इस फिल्म में उन्होंने राज कपूर के बचपन का किरदार निभाया था। इसके बाद 1973 में आई फिल्म 'बॉबी' से ऋषि ने बतौर अभिनेता अपने अभिनय की शुरुआत की। इस फिल्म में उनके अपोजिट अभिनेत्री डिम्पल कपाड़िया थी। इस फिल्म में ऋषि को उनके शानदार अभिनय के लिए फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद ऋषि कपूर की फिल्म 'जहरीला इंसान' आई। इस फिल्म में उनके साथ मुख्य भूमिका में अभिनेत्री नीतू सिंह थी, जो बाद में उनकी जीवनसंगिनी बनी। शूटिंग के दौरान ऋषि अक्सर नीतू को छेड़ते रहते थे, जिससे वह अक्सर नाराज हो जाया करती थी। धीरे-धीरे उनकी तकरार दोस्ती में बदल गई। हालांकि यह फिल्म फ्लॉप रही, लेकिन इस फिल्म के बाद ऋषि और नीतू को एक दूसरे से प्यार हो गया था और 1980 में दोनों ने शादी कर ली। ऋषि कपूर और नीतू कपूर के दो बच्चे बेटा रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी है। ऋषि कपूर ने अपनी ज्यादातर फिल्मों में रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया जिसे दर्शकों ने पसंद किया। साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म अग्निपथ में ऋषि कपूर ने खलनायक की भूमिका निभाई थी और उन्होंने अपने अभिनय ने सबको हैरान कर दिया था। इस फिल्म में ऋषि कपूर के साथ ऋतिक रोशन, संजय दत्त और प्रियंका चोपड़ा भी थी। इस फिल्म में ऋषि को उनके दमदार अभिनय के लिए आइफा बेस्ट निगेटिव रोल का पुरस्कार मिला। ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दी जिसमें अमर अकबर एंथोनी, सरगम, नसीब, प्रेम रोग, कुली ,चांदनी, हिना, अग्निपथ, कपूर एंड सन्स, मुल्क, द बॉडी आदि शामिल हैं। ऋषि कपूर ने 1998 में आई फिल्म 'आ अब लौट चले' का निर्देशन भी किया था। ऋषि कपूर को 2008 में फिल्फेयर लाइव टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। साल 2018 ऋषि कपूर के लिए मुश्किलों से भरा रहा। दरअसल इसी साल ऋषि कपूर को पता चला था कि उन्हें कैंसर है। वह इलाज के लिए न्यूयार्क गए और वहां 11 महीने और 11 दिनों तक इलाज कराने के बाद भारत वापस लौटे थे। इस मुश्किल घड़ी में उनकी पत्नी नीतू कपूर ने उनका साथ निभाया। 67 वर्ष की उम्र में ऋषि कपूर ने मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में 30 अप्रैल, 2020 को अंतिम सांस ली। अपनी जिंदादिली और बेबाक बयानों के कारण चर्चा में रहने वाले ऋषि कपूर के निधन ने हर किसी को हैरान कर दिया था। ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म शर्माजी नमकीन है। हालांकि वह इस फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं पाए। इस साल फरवरी में फिल्म की शूटिंग करने के दौरान उनकी तबीयत खराब हुई थी। फिर वह ठीक हो गए थे। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री जूही चावला थी। ऋषि कपूर फिल्मों में अपने शानदार अभिनय के लिए फैंस के दिलों में सदैव जीवित रहेंगे। फिल्म जगत में उनके सराहनीय योगदानों को हमेशा याद किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/सुरभि/मोनिका-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in