नृत्यांगना व अभिनेत्री जोहरा सहगल की याद में गूगल ने समर्पित किया डूडल
नृत्यांगना व अभिनेत्री जोहरा सहगल की याद में गूगल ने समर्पित किया डूडल

नृत्यांगना व अभिनेत्री जोहरा सहगल की याद में गूगल ने समर्पित किया डूडल

सुरभि सिन्हा गूगल हमेशा डूडल के जरिए दुनिया की महान शख्सियत को याद करता है। भारत की दिग्गज अभिनेत्री और नृत्यांगना जोहरा सहगल को गूगल ने याद किया है। दिवंगत अभिनेत्री जोहरा सहगल आज बेशक हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन शानदार अभिनय की वजह से आज भी याद की जाती हैं। जोहरा सहगल भारतीय सिनेमा की एक मशहूर नृत्यांगना एवं प्रतिष्ठित अभिनेत्री मानी जाती हैं। 27 अप्रैल, 1912 को जन्मी जोहरा सहगल को याद कर गूगल ने डूडल बनाया है। इस डूडल में जोहरा की नृत्य करती हुई खूबसूरत आकृति बनाई गई है और इसे चारों तरफ से रंग-बिरंगे फूलों से सजाया है। जोहरा सहगल पर बनाए गए इस स्पेशल डूडल को आर्टिस्ट पार्वती पिल्लई ने डिजाइन किया है। आज जोहरा का जन्मदिवस नहीं है। फिर भी गूगल ने उनकी याद में आज डूडल बनाया है। इसकी वजह यह है कि आज ही के दिन उनकी फिल्म 'नीचा नगर' को कांस फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था। साल 1946 में चेतन आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म 'नीचा नगर' में जोहरा के अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया। कांस फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली पहली भारतीय फिल्म थी। इसी वजह से आज गूगल ने अपना डूडल जोहरा सहगल को समर्पित किया है। जोहरा सहगल ने ज्यादातर फिल्मों में दादी का किरदार निभाया और फिल्म जगत के कई छोटे-बड़े कलाकारों के साथ काम किया। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में दिल से, हम दिल दे चुके सनम, कभी खुशी कभी गम, चलो इश्क लड़ायें , वीर-जारा, चीनी कम, सांवरियां आदि शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने कई धारावाहिकों में भी काम किया था और कई फिल्मों में डांस कोरियोग्राफर के तौर भी काम किया था। 10 जुलाई, 2014 को जोहरा सहगल का निधन हो गया। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों अपनी खास जगह बनाई थी। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in