सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में फिल्ममेकर महेश भट्ट ने दर्ज करवाया अपना बयान
सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में फिल्ममेकर महेश भट्ट ने दर्ज करवाया अपना बयान

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में फिल्ममेकर महेश भट्ट ने दर्ज करवाया अपना बयान

फिल्ममेकर महेश भट्ट ने सोमवार को मुंबई में सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में अपना बयान दर्ज करवाया। महेश भट्ट को मुंबई पुलिस ने समन भेजा था। सांताक्रूज के पुलिस स्टेशन में करीब दो घंटे तक उनसे पूछताछ हुई। महेश भट्ट जब पुलिस स्टेशन पहुंचे तो उन्होंने मास्क और फेस शिल्ड लगा रखा था। महेश भट्ट से सुशांत सिंह के जिंदगी से जुड़े पर्सनल और प्रोफेशनल सवाल भी पूछे गए हैं। पुलिस ने महेश भट्ट की फिल्म सड़क 2 को लेकर भी कई सवाल किए हैं। निर्देशक महेश भट्ट ने मुंबई पुलिस को दिए अपने बयान में खुलासा किया है कि सुशांत सिंह राजपूत को सड़क 2 में कभी भी मुख्य भूमिका नहीं दी गई थी। वास्तव में सुशांत ने महेश भट्ट के साथ काम करने के लिए रुचि व्यक्त की थी और सड़क 2 में किसी भी भूमिका पर विचार करने का अनुरोध किया था। महेश भट्ट ने कहा कि सड़क 2 हमेशा संजय दत्त के साथ बनाई जाने वाली थी। मूल फिल्म सड़क की यह अगली कड़ी के रूप में है। महेश भट्ट ने यह भी कहा कि वह सुशांत सिंह राजपूत से केवल दो बार मिले थे, 2018 में एक बार जब सुशांत उन्हें देखने आए थे और दूसरी बार जब सुशांत फरवरी 2020 के महीने में अस्वस्थ थे और भट्ट उन्हें बांद्रा स्थित आवास पर देखने गए थे। भट्ट ने कहा कि सुशांत उनसे मिले और उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल, उनके द्वारा लिखी गई पुस्तकों और अन्य साहित्यिक चीजों पर चर्चा की थी। भट्ट ने कहा कि उनके और सुशांत के बीच कभी कोई प्रोफेशनल बातें या काम से जुड़ी चीजें नहीं थी। मुंबई पुलिस ने करण जौहर के धर्मा प्रॉडक्शन के सीईओ अपूर्व मेहता से भी पूछताछ करेगी। करण के अलावा महेश भट्ट को भी सोशल मीडिया पर टोलर्स का सामना करना पड़ा है। क्योंकि सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को उनके करीब बताया जाता है। हाल में सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने गृहमंत्री अमित शाह से इस मामले की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की है। महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने हाल में कहा था कि अभिनेता के सुसाइड मामले में अगर जरूरत पड़ी तो करण जौहर से भी पूछताछ की जाएगी। इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जांच की कोई आवश्यकता नहीं है और मुंबई पुलिस इसकी कुशलता से जांच कर रही है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत को एक महीने से ज्यादा हो गए है। इस मामले में अब तक पुलिस ने 40 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें फिल्म समीक्षक राजीव मसंद, निर्देशक संजय लीला भंसाली, फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा, यशराज फिल्म्स के पूर्व हेड आशीष सिंह, यशराज फिल्म्स के कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा, सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, फिल्म दिल बेचारा की अभिनेत्री संजना सांघी, निर्देशक मुकेश छाबड़ा, उनके पिता, बहनें, करीबी दोस्त आदि शामिल हैं। 34 वर्षीय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने बांद्रा स्थित आवास में सुसाइड कर ली थी। सुशांत कुछ महीनों से डिप्रेशन में थे और उनका इलाज चल रहा था। पिछले काफी समय से लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई थी। रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना बताया गया था। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत इंडस्ट्री में सफल अभिनेताओं में से एक थे। हिन्दुस्थान समाचार/मोनिका शेखर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in