chief-minister-yogi-keshav-akhilesh-maya-paid-tribute-on-the-death-of-famous-actor-dilip-kumar
chief-minister-yogi-keshav-akhilesh-maya-paid-tribute-on-the-death-of-famous-actor-dilip-kumar

प्रसिद्ध अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर मुख्यमंत्री योगी, केशव, अखिलेश, माया ने दी श्रद्धाजंलि

लखनऊ, 7 जुलाई (आईएएनएस)। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार का बुधवार को मुंबई को निधन हो गया। वह 98 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिलीप कुमार के निधन के समाचार से उत्तर प्रदेश में उनके चाहने वाले के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सपा मुखिया अखिलेश यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती ने भी शोक जताया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दु:ख जताते हुए लिखा, भारतीय सिनेमा जगत के पुरोधा, अभिनय सम्राट, असंख्य कलाकारों के प्रेरणास्रोत श्री दिलीप कुमार जी का निधन फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, ट्रेजडी किंग के नाम से प्रसिद्ध बॉलीवुड के अभिनय सम्राट श्री दिलीप कुमार जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। फिल्म जगत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सदैव उन्हें याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिवारजनों को इस गहन दुरूख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मौत उन्हें कहीं ले जा नहीं सकती और चाहने वालों की याद उन्हें कहीं जाने नहीं देगी। वो मुगल-ए-आजम का बगावती अंदाज, सलीम का अमर किरदार। आप कहीं नहीं जा सकते, दिलीप साहब। बसपा मुखिया मायावती ने लिखा, भारतीय फिल्मजगत बॉलीवुड की प्रसिद्ध व जानी-मानी हस्ती दिलीप कुमार के आज निधन की खबर अति-दु:खद। उनकी पत्नी सायरा बानो व उनके चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। अपनी अदाकारी से फिल्मजगत में अमिट छाप छोड़ने वाले दिलीप कुमार को विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी फिल्में हमेशा यादगार रहेंगी। --आईएएनए विकेटी/आरजेएस

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in