dhamtari-drizzle-with-cold-winds-bad-weather-for-two-days
dhamtari-drizzle-with-cold-winds-bad-weather-for-two-days

धमतरी:ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी, दो दिनों से मौसम खराब

धमतरी, 19 मार्च ( हि. स.)। पिछले दो दिनों से मौसम खराब है। आसमान में बादल छाने के साथ कुछ समय तक ठंडी हवाएं चली। वहीं कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। ठंडी हवा थमने के बाद उमस ने लोगों को बेहाल किया। बादल वाले मौसम से तापमान का पारा तीन डिग्री तक नीचे गिरा। वहीं खराब मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। अंचल में खराब मौसम का दौर पिछले दो दिनों से जारी है। 18 मार्च को आसमान में अधिकांश समय बादल वाला रहा। ठंडी हवाएं चली। वहीं दूसरे दिन 19 मार्च की सुबह से आसमान में बादल छाया रहा। दोपहर एक बजे कुछ समय के लिए ठंडी हवाएं चली। फिर घंटों उमस वाला मौसम बना। लोग इस खराब मौसम से घंटों बेहाल रहे शाम को आसमान में काला बादल छाने के साथ बूंदाबांदी भी हुई और वातावरण में ठंडी हवाएं चलना शुरू हो गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में द्रोणिका की वजह से मौसम में बदलाव हुआ है। 20 मार्च को दोपहर तक मौसम के साफ होने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि किसानों के खेतों में गेहूं व चना फसल पककर तैयार है, लेकिन अभी कटाई नहीं हुआ है। बादल वाले मौसम और बूंदाबांदी से किसानों के इस फसल पर खतरा मंडराने लगा है। रबी धान फसल लेने वाले किसानों के धान फसल पर बादल वाले मौसम का विपरीत असर पड़ेगा। धान फसल पर कीट-प्रकोप बढ़ने की आशंका है। तीन डिग्री गिरा पारा फरवरी माह के अंतिम सप्ताह और मार्च माह के तृतीय सप्ताह में तापमान का पारा 37 डिग्री तक चला गया था, लेकिन पिछले दो दिनों से मौसम में आई परिवर्तन ने तीन डिग्री तापमान नीचे गिरा दिया है। तापमान का पारा 19 मार्च को 34 डिग्री बना रहा। वहीं खराब मौसम का विपरीत असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। गले में भी खराश हो रही है, इससे लोगों को कोरोना संक्रमण की आशंका से दहशत है। जिला अस्पताल के डा संजय वानखेड़े ने बताया कि खराब मौसम के कारण लोगों की सेहत प्रभावित हुआ है। सर्दी खांसी से पीड़ित होकर लोग उपचार कराने अस्पताल पहुंच रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार / रोशन

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in