dhamtari-a-group-of-elephants-reached-angarmoti-goshala-one-cow-died-due-to-stampede
dhamtari-a-group-of-elephants-reached-angarmoti-goshala-one-cow-died-due-to-stampede

धमतरी:अंगारमोती गोशाला पहुंचा हाथियों का दल, भगदड़ से एक गाय की मौत

धमतरी, 2 मार्च ( हि. स.)।एक माह बाद चंदा हाथियों का दल फिर से तुमाबुजुर्ग व बरकछार क्षेत्र में पहुंच गया। यहां गोशाला में घुसने से मवेशियों में भगदड़ होने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हाथियों ने गोशाला व सड़क किनारे लगे पोल को तोड़कर दिया है। एक मार्च की रात 12 बजे तक हाथियों का दल बरकछार व तुमाबुजुर्ग क्षेत्र में था, लेकिन देर रात हाथियों का दल गोशाला में चला गया। गोशाला के कर्मचारी सुमन यादव ने बताया कि रात लगभग 12:30 बजे बिना आवाज के छह हाथी गोशाला में घुस गए। जैसे ही हाथी घुसे मवेशियों में हड़कंप मच गया। गायों की आवाज से जब उन्होंने उठकर देखा तो कई गाय इधर उधर अपनी जान बचाने भाग रही थी। इसमें एक गाय की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। यहां 1 घंटे तक रहने के बाद हाथी वापस बाहर निकल गए, बाकी हाथी बाहर में ही थे। हाथियों ने गौशाला के पास अशोक वाटिका में भी जमकर तबाही मचाई है। वहां के जनरेटर, टंकी और फसल को नुकसान पहुंचाया है, जिसमें मुनगा, भिंडी, फूल गोभी लगा हुआ था। सूचना मिलने पर रात में ही वन विभाग की टीम पहुंच गई। तब तक हाथियों का दल आगे निकल गया। रेंजर एमडी कन्नौजे ने बताया कि दो फरवरी की सुबह तक हाथियों का लोकेशन पता नहीं चल पा रहा था। हाथी के गले में कालर आइडी नहीं होने से उन्हें ढूंढने में दिक्कत जाती है। उनके पांव, चिंघाड़ने की आवाज व लीद के आधार पर हाथियों का पता लगाया जाता है। फिलहाल दो मार्च को हाथियों के दल के तुमाबुजुर्ग क्षेत्र के जंगल में होने का अनुमान है। हिन्दुस्थान समाचार / रोशन

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in