राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर एक कोरोना महिला ने की आत्महत्या

राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर एक कोरोना महिला ने की आत्महत्या

नई दिल्ली, 11 नवम्बर (हि.स.)। जीटीबी एंक्लेव स्थित दिल्ली सरकार के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बुधवार सुबह पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर एक कोरोना महिला मरीज ने आत्महत्या कर ली। मृतका की शिनाख्त पद्मजा (52) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि महिला का पति व बेटा भी कोरोना पॉजीटिव होने के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आशंका जता रही है कि डिप्रेशन की वजह से महिला ने ऐसा कदम उठाया। जीटीबी एंक्लेव थाना पुलिस महिला के परिवार से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से आंध प्रदेश की रहने वाली पद्मजा परिवार के साथ दिलशाद गार्डन में रहती थी। इनके परिवार में पति व एक बेटा है। पद्मजा का बेटा चेन्नई की एक एमएनसी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। लॉक डाउन के बाद वह दिल्ली आ गया था। कंपनी ने फिलहाल उसे वर्क फ्रोम होम के लिए कहा हुआ था। करीब एक सप्ताह महिला के पति कोरोना पॉजीटिव हो गए। उनको राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हल्के लक्षण आने के बाद सोमवार को पद्मजा और उनके बेटे ने भी अपना टेस्ट करवाया था। मंगलवार उसकी रिपोर्ट आई तो वह भी पॉजिटिव पाए गए। दोनों मंंगलवार शाम को ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती हो गए। मां-बेटे पांचवीं मंजिल पर एक ही कमरे में भर्ती थे। बुधवार सुबह अस्पताल से चाय आई और मां-बेटे ने चाय पी। अचानक करीब 7.30 बजे पद्मजा खिड़की के पास पहुंची और उन्होंने नीचे छलांग लगा दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पद्मजा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, परिवार भी हैरान है। इससे पहले भी इसी अस्पताल में एक मरीज ने आत्महत्या का प्रयास किया था, उसे बचा लिया था। पुलिस परिवार से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in