बाहुबली विधायक विजय मिश्र के गुर्गो का गढ़ मीरजापुर

बाहुबली विधायक विजय मिश्र के गुर्गो का गढ़ मीरजापुर

विंध्याचल में 15 लाख रंगदारी मांगने पर मामला हुआ दर्ज मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र के गुर्गों का गढ़ मीरजापुर भी है। अगर किसी को धमकाने या उससे रंगदारी मांगने की जरूरत पड़ती है तो इनका सहयोग लिया जाता है। विधायक के एक इशारे पर उनके लिए मर मिटने को तैयार रहते हैं। इसका प्रमाण उनकी पत्नी के एमएलसी चुनाव में देखने को मिला था। साथ ही विंध्याचल में एक और रंगदारी का मामला दर्ज किया गया है। ज्ञानपुर विधायक का मीरजापुर जनपद में काफी बड़ा व्यापार है। लालगंज में क्रशर प्लांट होने के अलावा गंगा में लीज भी है। जिसकी आड़ में कई स्थानों पर अवैध खनन समेत अन्य कार्य होते रहे हैं। इनकी देख-रेख यहीं गुर्गे करते हैं। यही नहीं, बड़े व्यापारी या बिल्डर से रंगदारी मांगने के लिए भी यही लोग जाते हैं। ये गुर्गे विधायक की आड़ में अपनी भी रोटी सेंकते रहते हैं। इसका प्रमाण इसी से मिलता है कि जो लोग पूर्व सभासद व तीर्थ पुरोहित अवनीश मिश्र से रंगदारी मांगने गए थे। उसमें एक व्यक्ति जनपद का निवासी होना बताया जा रहा है। यही नहीं, वह विधायक के इशारे पर पिछले कुछ दिनों से उनका पीछा भी कर रहा था। जब वे आते-जाते हैं तो मोबाइल से पीछा कर वीडियो भी बनाया जाता। इससे समझा जा सकता है कि विंध्याचल जैसे इलाके में जाकर किसी के घर व आफिस के आसपास वीडियो बनाना कितना खतरनाक है। पिछले विधान परिषद चुनाव में तीर्थ पुरोहित ने ज्ञानपुर विधायक की पत्नी रामलली मिश्रा के लिए खुलकर अपना समर्थन दिया था। यही नहीं, उनका चुनाव प्रचार करने के साथ ही संबंधियों को वोट भी दिलाए थे। इसके कारण उनको जीत दर्ज करने में काफी मदद मिली थी। लेकिन जब तीर्थ पुरोहित खुद चुनाव लड़ने के लिए आगे आए तो विधायक को यह पंसद नहीं आया। वे नहीं चाहते कि उसके पत्नी के चुनाव में उसका साथ देने वाला ही रोड़ा बने। पिछले कई दिनों से कुछ अनजाने लोग घूम रहे थे इर्द-गिर्द विंध्य विकास परिषद के पार्षद अवनीश मिश्र ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ अनजाने चेहरे उनके मकान व आफिस के आसपास घूम रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि ये लोग विधायक विजय मिश्र के गुर्गे ही हैं। उनके आते-जाते समय उनकी फोटो व वीडियो भी बना रहे हैं। इससे लगता है कि उनके जान माल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पुलिस ने विधायक विजय मिश्र व अज्ञात के खिलाफ साजिश रचने व रंगदारी मांगने के आरोप में मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। ज्ञानपुर के बाद मीरजापुर में विधायक पर दर्ज हुआ मामला ज्ञानपुर के बाद अब मीरजापुर के विंध्याचल में विधायक विजय मिश्रा पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। इस बार उनके ऊपर मकान कब्जा करने का नहीं बल्कि पार्षद से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। जिसमें विधायक नामजद किए गए हैं। जबकि उनके सहयोगी अज्ञात बताए जा रहे हैं। उनके गुर्गो द्वारा दी गई जान से मारने की धमकी के बाद पुरोहित का पूरा परिवार डरा-सहमा हुआ है। कहा जा रहा हैं कि विधायक पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इसलिए कहीं उनके परिवार के साथ भी कोई अनहोनी न हो जाए। जेल से भी जरायम का साम्राज्य चला रहे बाहुबली विधायक सलाखों के पीछे धकेल दिए गए ज्ञानपुर के बाहुबली विधायक अपना जरायम का साम्राज्य अब जेल से भी चलाने लगे हैं। गुर्गों के माध्यम से रंगदारी वसूलने के साथ ही लोगों को निपटा देने की धमकी दी जा रही है। बीते 18 अगस्त को विंध्य विकास परिषद के पार्षद व पूर्व सभासद तीर्थ पुरोहित अवनीश मिश्र को भी उनके गुर्गों ने जान-माल की धमकी देते हुए 15 लाख रुपये की मांग की है। इससे परेशान होकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर विधायक व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए जान-माल की गुहार लगाई है। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/विद्या कान्त-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in