पचास हजार का इनामी बदमाश अलीगढ़ से गिरफ्तार

पचास हजार का इनामी बदमाश अलीगढ़ से गिरफ्तार

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के भलस्वा डेयरी इलाके में दिनदहाड़े बीच सड़क पर प्रतिद्वंदी प्रॉपर्टी डीलर की गोलियां बरसाकर हत्या करने वाले बदमाश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान गांव वाजिदपुर, हाथरस, यूपी निवासी टिकम उर्फ पप्पू (49) के रूप में हुई है। पिछले चार माह से अधिक समय से आरोपित फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। इसके चार अन्य साथी सुनील गुप्ता, टोनू, कमल और विक्की को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, टिकम की पत्नी गांव वाजिदपुर, हाथरस की ग्राम सरपंच हैं। स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव कुमार ने बताया कि 14 जून को दिनदहाड़े टिकम व इसके साथियों सुनील, टोनू, कमल और विक्की ने कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर चंद्र शेखर नामक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस ने टिकम के अलावा सभी को गिरफ्तार कर लिया था। टिकम लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल सेल भी आरोपित की तलाश कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित टिकम पश्चिम उत्तर प्रदेश में लगाकार अपने ठिकाने बदल रहा है। पिछले पांच दिनों में आरोपित ने कई ठिकाने बदले। इस दौरान पुलिस ने भी उसकी तलाश में अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। लेकिन आरोपित पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। इस बीच शुक्रवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित अलीगढ़ से एटा ही ओर भागने की फिराक में है। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपित को अलीगढ़-कासगंज हाइवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित लिफ्ट लेकर एटा भाग रहा था। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in