तृणमूल की महिला पार्षद पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान

तृणमूल की महिला पार्षद पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान

कोलकाता, 04 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव करीब आते ही राजनीतिक हिंसा की घटनायें बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के बैरकपुर नगरपालिका के दो नंबर वार्ड की तृणमूल पार्षद चंपा दास पर फायरिंग हुई है। घटना शनिवार देर रात की है। स्थानीय लोगों ने बताया है कि बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर फायरिंग की जब वह अपने घर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि हमलावरों ने चार गोलियां चलाई थीं जिसमें से तीन निशाना चूक गई जबकि एक गोली उनके बाएं पैर में लगी जिसके बाद वे सड़क पर गिर गई थीं। फायरिंग की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे, जिसके बाद हमवावर फरार हो गए। उनको उठाकर बीएन बोस अस्पताल ले जाया गया जहां से पार्षद को कोलकाता के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। रविवार सुबह बड़ी संख्या में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम चंपा के घर पहुंची है। परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान रिकॉर्ड किए गए हैं। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर जोन में संयुक्त आयुक्त आईपीएस अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। पुरानी दुश्मनी से लेकर राजनीतिक रंजिश तक, हर एक दृष्टिकोण से जांच जारी है। दरअसल चंपा दास ने बैरकपुर नगरपालिका के दो नंबर वार्ड से निर्दलीय के तौर पर जीत हासिल की थी। उसके बाद इस साल के शुरुआत में उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था। तृणमूल ने इशारे इशारे में भारतीय जनता पार्टी पर हमले का आरोप लगाया है। हालांकि भाजपा ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/मधुप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in