तमंचे बनाने का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

तमंचे बनाने का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

हापुड़, 29 सितम्बर (हि.स.)। सिम्भावली पुलिस द्वारा मंगलवार को पकड़े गए तमंचे बना कर बेचने वाले दो बदमाशों में से एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद जनपद पुलिस में हड़कंप मच गया है। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है। सिम्भावली पुलिस द्वारा पकड़े गए तमंचे बनाकर आसपास के जनपद में बेचने वाले गिरोह के दो सदस्यों में से एक बदमाश आसिफ दोपहर बाद पुलिस की हिरासत से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार पुलिस पकड़े गए दोनों बदमाशों को मेडिकल जांच के लिए ले जा रही थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचने के बाद बदमाशों को ले कर गए पुलिसकर्मी लापरवाह हो गए और बदमाशों के पास एक बदमाश को छोड़कर अस्पताल में किसी अन्य काम में व्यस्त हो गए। इस दौरान आसिफ उसके पास बैठे पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार होने में सफल हो गया। पुलिसकर्मी एक बदमाश को गायब देखा तो अपने साथी पुलिसकर्मियों को सूचित किया। पुलिसकर्मियों ने आसपास काफी तलाश किया लेकिन फरार बदमाश का सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अपने अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी। उल्लेखनीय है कि सोमवार रात सिम्भावली पुलिस ने तमंचे बनाने वाले दो बदमाशों आसिफ और अब्दुल रहमान को ग्राम नयाबांस से बंदी बनाया था। इस कार्रवाई की जानकारी पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार दोपहर एक पत्रकार वार्ता में दी थी। पत्रकार वार्ता के बाद पुलिसकर्मी पकड़े गए दोनों बदमाशों को मेडिकल जांच कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए थे, जहां से आसिफ फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि आसिफ पुलिस हिरासत से फरार होने में सफल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जनपद पुलिस की कई टीमें बना कर फरार बदमाश की तलाश में लगा दी गई हैं। फरार बदमाश को अति शीघ्र बंदी बना लिया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/ विनम्र व्रत त्यागी/ रामानुज-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in