अपहृत बच्चे का शव उसके रिश्तेदार के घर से बरामद, तीन गिरफ्तार

अपहृत बच्चे का शव उसके रिश्तेदार के घर से बरामद, तीन गिरफ्तार

जामताड़ा, 09 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के नामुपाड़ा मोहल्ला से अपहृत 5 वर्षीय बच्चे का शव उसके रिश्तेदार के घर से ही बरामद किया गया। घर के आंगन से बच्चे का शव बरामद किया गया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बच्चे का फूफा इब्राहिम, उसका दोस्त सुभान शेख और इब्राहिम की मां जहीना बीबी शामिल हैं। तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। क्या है मामला आरोपी इब्राहिम शेख ने एंथोनी शेख की बहन से प्रेम विवाह किया था। कुछ दिन पहले इब्राहिम शेख ने अपनी पत्नी की पिटाई की थी। इसके बाद एंथोनी को जब इसकी सूचना मिली तो उसने इब्राहिम को काफी डांट फटकार लगाई थी। इसके बाद पंचायत कर दोनों के बीच सुलह समझौता किया गया और इब्राहिम की पत्नी को मायके भेज दिया गया। इसी दौरान इब्राहिम ने एंथोनी को सबक सिखाने की बात कही थी। इब्राहिम ने अपने दोस्त सुभान शेख के साथ मिलकर 6 अगस्त को एंथोनी शेख के 5 साल के बच्चे को उसके घर से उठा लिया था। इसके बाद मुंह और गला दबाकर बच्चे की हत्या कर दी। बच्चे के शव को इब्राहिम ने अपने ही घर में दफन कर दिया। इब्राहिम की मां जहीना बीबी ने भी इस घटना में उसका साथ दिया था। आरोपियों के द्वारा 6 अगस्त को बच्चे का अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद बच्चे के पिता एंथोनी शेख ने अपने बच्चे के अपहरण का मामला जामताड़ा थाना में दर्ज कराया था। अपहरण का आरोप बच्चे के फूफा इब्राहिम पर लगाया गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की तो इब्राहिम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। साथ ही उसने साथ देने वालों के बारे में भी जानकारी दी, जिसके बाद इब्राहिम के दोस्त और उसकी मां को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर ही इब्राहिम के घर के आंगन में दफन बच्चे का शव बरामद किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/राजकिशोर /वंदना-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in