नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी जिले के ख्याला इलाके में नशा करने से मना करने पर एक युवक ने अपने बड़े भाई पर तेजाब उड़ेल दिया। घटना में आरोपी का बड़ा भाई और उसके गोद में मौजूद चार साल का बेटा झुलस गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीडि़त के बयान पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित फरार है। जानकारी के अनुसार, मूलत: बिहार के आरा का रहने वाला अखिलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी, चार साल का बेटा करण और छोटे भाई मिथलेश के साथ विष्णु गार्डन इलाके में रहता है। वह एक फैक्टरी में काम करता है। उसका भाई नशे का आदी है। कई बार वह उसे नशा नहीं करने के लिए कह चुका है, लेकिन हर बार वह उससे झगड़ा करने लगता था। शुक्रवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों भाईयों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़ा करने के बाद मिथलेश घर से बाहर चला गया। उसके कुछ देर बाद अखिलेश अपनी पत्नी और बच्चे को गांव छोडऩे के लिए ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान मिथलेश हाथ में एक प्लास्टिक का बोतल लेकर आया। अखिलेश के पास आने के बाद वह बोतल उसके शरीर पर उड़ेल दिया। जिसके गिरते ही उसके शरीर में जलन होने लगा। उस समय उसने चार साल के बेटे करण को गोद में ले रखा था। ज्वलनशील पदार्थ बच्चे के शरीर पर गिरा और बेटा जोर जोर से रोने लगा। घटना को अंजाम देकर मिथलेश वहां से फरार हो गया। अखिलेश अपने बच्चे को लेकर पास के अस्पताल में पहुंचा। जहां से डॉक्टरों ने उसके बेटे को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। पिता-पुत्र वहां से डीडीयू अस्पताल पहुंचे। जहां पता चला कि उनपर तेजाब डाला गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी