woman-fighting-for-life-died-during-treatment
woman-fighting-for-life-died-during-treatment

जिंदगी के लिए जंग लड़ रही महिला की उपचार के दौरान हुई मौत

नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स.)। रूप नगर इलाके में करीब दो माह से जिंदगी के लिए जंग लड़ रही तन्वी दयाल (32) आखिर जिंदगी से हार गई। मंगलवार को इलाज के दौरान सफदरजंग अस्पताल में उसकी मौत हो गई। 26 दिसंबर को संदिग्ध हालात में तन्वी को गुजरांवाला टाउन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ससुराल पक्ष का कहना था कि तन्वी ने फांसी लगाई, वहीं मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर उसकी गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने काफी दबाव के बाद उसके पति अभिषेक को हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। अभिषेक एमसीडी में इंजीनियर है जबकि उसकी बहन व जीजा दिल्ली की अदालत में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हैं। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई करने की बात कर रही है। पुलिस के मुताबिक तन्वी अपने पति अभिषेक के साथ बंगलो रोड, रूप नगर में रहती थी। इसका मायका नोएडा सेक्टर-134, जेपी विश टाउन का है। अभिषेक और तन्वी की 2008 में शादी हुई थी। अभिषेक एमसीडी में इंजीनियर है। दोनों के यहां दो बच्चे हैं। तन्वी की मां सुनीता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से अभिषेक उनकी बेटी को परेशान करने लगा था। उसे छोटी-छोटी बातों पर पीटा जाता था। 26 दिसंबर को उनको सूचना मिली कि बेटी ने बाथरूम में फांसी लगा ली है। परिवार फौरन अस्पताल पहुंचा। तन्वी की हालत गंभीर होने पर उसे गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुनीता ने महिला आयोग समेत अन्य जगह शिकायत दी। काफी दबाव बनाने के बाद पुलिस ने इस संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया। अभिषेक के पिता अशोक कुमार भी दिल्ली नगर निगम में डीसी (उपायुक्त) थे। सुनीता का आरोप है कि चूंकि परिवार काफी प्रभावशाली है, इसलिए पुलिस जानबूझकर मामले में ढिलाई बरत रही है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभिषेक को मामले में गिरफ़्तार कर लिया गया था। अब तन्वी की मौत के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाइ की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in