
छपरा, 1 अप्रैल (हिस) । जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मझनपुरा गांव में आग से जलाकर एक महिला की हत्या कर दी गयी। मृतका मझनपुरा गांव निवासी अजित कुमार सिंह की पत्नी बेबी देवी (35) हैं। मायके और ससुराल वालों ने पुलिस को एक दूसरे के खिलाफ विरोधाभासी बयान दिया है। मृतका के श्वसुर रामपुकार सिंह ने पुलिस को बताया है कि खाना बनाते समय गैस चूल्हे की लपटों से झुलसने से बेबी की मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने परिजनों पर जला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता व छपरा सदर ब्लॉक के विष्णुपुरा निवासी छत्रपति सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि सिलेण्डर गैस से नहीं, बल्कि मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया गया है। उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करायी है। घटनास्थल पर मिट्टी तेल की बदबू आने की बात पुलिस ने भी स्वीकार की है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पर्दाफाश सम्भव है। मृतका का पति अजित घर पर रहकर खेती गृहस्थी करता है। जबकि उसके पिता बीएसएफ से रिटायर होने के बाद घर पर रहते हैं। अजित को 14 वर्ष की एक पुत्री भी है तथा अजित का छोटा भाई बीएसएफ में नौकरी करता है। घटना की सूचना पाकर वहां ग्रामीणों तथा आस-पास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हिन्दुस्थान समाचार / गुड्डू/चंदा