two-people-dead-in-a-road-accident
two-people-dead-in-a-road-accident

सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला जख्मी हो गई। गोकुलपुरी इलाके में डीटीसी बस चालक ने अचानक ब्रेक मार दिए जिसकी वजह से स्कूटी सवार दंपती बस में जा घुसे। दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां ऋषि कपूर (41) को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में इनकी पत्नी रेखा शर्मा का इलाज जारी है। वहीं रूप नगर इलाके में अज्ञात वाहन ने राम सिंह उर्फ लालू सिंह (36) को टक्कर मार दी। हादसे में राम सिंह की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गोकुलपुरी मामले में ऋषि कपूर अपने परिवार के साथ भलस्वा डेरी इलाके में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी रेखा शर्मा, तीन बेटे व एक बेटी है। रेखा ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि रविवार दोपहर को पति-पत्नी स्कूटी से भलस्वा से नंद नगरी जा रहे थे। गोकुलपुरी फ्लाईओवर के पास नीले रंग की डीटीसी बस चालक आड़ी-तिरछी बस चला रहा था। अचानक फ्लाईओवर के ऊपर उसने ब्रेक लगा दिए, जिससे स्कूटी सवार दंपती बस के पिछले हिस्से में घुस गए। जख्मी हालत में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने ऋषि कपूर को मृत घोषित कर दिया। रेखा का इलाज जारी है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके पर फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। रूप नगर मामले में राम सिंह परिवार के साथ नई बस्ती, किशनगंज में रहता था। इसके परिवार में पत्नी पूनम, दो बेटे व अन्य सदस्य हैं। राम सिंह पीतमपुरा इलाके में चावल की फैक्टरी में काम करता था। रविवार शाम के समय वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इस बीच प्रताप नगर मेट्रो स्टेशन के पास अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राम सिंह को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। रूप नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in