troubled-by-domestic-discord-the-man-shot-his-wife
troubled-by-domestic-discord-the-man-shot-his-wife

घरेलू कलह से परेशान शख्स ने पत्नी को मारी गोली

नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। घरेलू कलह से परेशान होकर उत्तम नगर के ओम विहार इलाके में पति ने पत्नी को गोली मार दी और फरार हो गया। घटना शुक्रवार देर रात की है, जब आरोपित ने अपने घर के बाहर ही वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ललित कुमार नामक व्यक्ति ने कुछ अन्य लोगों की मदद से पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर स्थिति में उसका इलाज किया जा रहा है। उधर, मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय उत्तम नगर थाने की पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपित की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान 37 वर्षीय प्रमिला के तौर पर की है, जो अपने पति रामबीर व दो बच्चों के साथ ओम विहार इलाके में रहती है। घटना शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे के आसपास की है, जब पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला को उसके घर के बाहर गोली मार दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस को पता चला कि प्रमिला नामक उक्त महिला को उसके घर के बाहर बाइक सवार व्यक्ति ने फायरिंग कर दी और फरार हो गया। आरोपित ने महिला पर दो राउंड फायरिंग की जिसमें से एक गोली प्रमिला के पीठ पर लगी। गोली लगने से वह बेसुध होकर गिर पड़ी। तत्काल आसपास मौजूद लोगों ने महिला को गंभीर स्थिति में डीडीयू अस्पताल पहुंचाया, जहां के आईसीयू में उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की तो पता चला कि फायरिंग करने वाला आरोपित कोई और नहीं बल्कि पीड़ित महिला का पति है। पुलिस ने जब उसके पति के बारे में पता लगाया तो पता चला वह घटना के बाद से ही फरार है। पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटाई तो सामने आया कि प्रमिला और उसके बीच अक्सर झगड़े होते थे। वारदात वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद आरोपित घर से चला गया था। फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है, जिससे घटना के पीछे की असली वजह साफ हो पाए। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in