three-accused-of-robbery-arrested-for-threatening-to-shoot
three-accused-of-robbery-arrested-for-threatening-to-shoot

गोली मारने की धमकी देकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के बवाना इलाके में गोली मारने की धमकी देकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग के तीन बदमाशों को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर दबोच लिया। आरोपितों की पहचान प्रशांत,रितिक और राजू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन,वारदात में इस्तेमाल बाइक और लूटे सिगरेट के पैकेट जब्त किये हैं। आरोपितों के पकड़े जाने के बाद पांच वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीते मंगलवार गांव बवाना इलाके एक दुकानदार को गोली मारने की धमकी देकर तीन बदमाशों ने लूट लिया था। पुलिस ने पीडि़त दुकानदारों के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एसएचओ दर्शन सिंह की देखरेख में पुलिस टीम को आरोपितों को पकड़ने का जिम्मा सौंपा गया। पुलिस टीम ने वारदात के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें कई संदिगध दिखाई भी दिये। पुलिस ने एक पुख्ता सूचना पर रितिक को गिरफ्तार कर लूटे गए सिगरेट के पैकेट जब्त किये। उसकी निशानदेही पर उसके बाकी दोनों साथियों को भी गिरफ्तार किया। आरोपितों से पूछताछ करने पर पता चला कि वारदात के लिए उन्होंने पहले दुकान की रेकी की थी। वारदात के लिए पहले बाइक चोरी की। फिर पिस्टल का इंतजाम किया था। वारदात के बाद तीनों ने हथियार को हरियाणा में छुपा दिया था। उन्होंने हरियाणा में भी वारदात को अंजाम दिया हुआ था। उनकी निशानदेही पर पिस्टल को बरामद करने की कोशिश की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in