the-father-reached-the-police-station-after-killing-the-daughter-living-in-live-relations
the-father-reached-the-police-station-after-killing-the-daughter-living-in-live-relations

लिव इन रिलेशन में रह रही पुत्री की हत्या कर पिता ने थाने पहुंच किया सरैण्डर

दौसा, 04 मार्च (हि.स.)। अपने प्रेमी के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही बेटी से खफा एक पिता ने अपनी पुत्री को मौत के घाट उतार डाला। बाद में पुलिस थाने जाकर खुद को सरैण्डर कर दिया। लडक़ी ने इस मामले को लेकर कुछ दिन पहले ही हाई कोर्ट की शरण ली थी। हाई कोर्ट ने भी पुलिस-प्रशासन को उसे सुरक्षा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए थे। कोतवाली थाने के सीआई सुगन सिंह ने बताया कि हत्या की शिकार हुई पिंकी सैनी दौसा शहर के रामकुंड इलाके की रहने वाली थी। वह रोशन महावर नामक दलित लडक़े से प्रेम करती थी। गत 16 फरवरी को परिजनों ने पिंकी की शादी जबरन लालसोट क्षेत्र के एक गांव में करा दी थी। शादी के बाद पिंकी 21 फरवरी को अपने प्रेमी रोशन के साथ घर से फरार हो गई और राजस्थान उच्च न्यायालय की शरण में पहुंच गई। वहां पिंकी ने रोशन के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने की इच्छा जताई। इसके साथ ही परिजनों पर जबरन शादी का आरोप लगाया। इसके बाद राजस्थान उच्च न्यायालय ने दौसा और जयपुर की अशोक नगर थाना पुलिस को पिंकी सैनी तथा उनके प्रेमी रोशन महावर को सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। एक मार्च को पिंकी सैनी अपने प्रेमी के घर दौसा के झालरा का बास में आई थी। इसी दौरान पिंकी सैनी के पिता शंकरलाल व परिजन रोशन के घर पहुंचे। वहां से वे पिंकी सैनी को अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पिंकी सैनी की तलाश की, लेकिन ढूंढ नहीं पाई। इसी बीच बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि पिंकी सैनी की हत्या कर दी गई है। इसके बाद पुलिस पिंकी सैनी के पिता शंकरलाल के घर पहुंची और वहां से उसका शव बरामद किया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। एसपी की मौजूदगी में एफएसएल और एमओबी की टीम मौके से साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in