talking-of-guide-line-of-disaster-management-authority-accused-of-removing-holika-at-many-places-in-shahdara-district
talking-of-guide-line-of-disaster-management-authority-accused-of-removing-holika-at-many-places-in-shahdara-district

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की गाइड लाइन की बात कर शाहदरा जिले में कई जगह होलिका हटाने का आरोप

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की गाइड लाइन की बात कर शाहदरा जिले में कई जगह होलिका हटाने का आरोप पुलिस पर लगा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर जबरन जलती हुई होलिका पर पानी डालने का आरोप लगाया है। इसके कुछ वीडियो भी वायरल हुए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में खासा रोष है। जिला पुलिस उपायुक्त ने सारे आरोपों को गलत बताते हुए ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है। वहीं होलिका पर पानी डालने का वीडियो वायरल होने पर हिंदू संगठन अखंड भारत मोर्चा ने उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त से शिकायत कर मामले में जांच कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार मामला रविवार शाम को चर्चाओं में आया। फर्श बाजार इलाके में होलिका दहन के मामले में कुछ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने का पता चला। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की। जिले में पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किए जाने की बात उड़ी तो कृष्णा नगर और विश्वास नगर इलाकों में पुलिस कर्मियों ने होलिका दहन को रोक दिया। कुछ जगह पर पुलिसकर्मी होलिका पर पानी भी डालते हुए दिखाई दिए। पुलिस कर्मियों का कहना था कि कोविड-19 को देखते हुए डीडीएमए ने सामूहिक कार्यक्रम पर रोक लगाई हुई है। इसलिए होलिका दहन नहीं किया जा सकता है। घटना की जानकारी के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर इसका विरोध किया। कई वीडियो वायरल हो गए। पुलिस की किरकिरी होते देखकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मैदान में आना पड़ा। उन्होंने किसी भी पुलिसकर्मियों के निलंबन से इनकार किया। उनका कहना था कि किसी भी पुलिसकर्मी ने होलिका दहन को नहीं रोका। मंगलवार को खुद शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त ने अधिकारिक बयान देकर होलिका दहन रोकने और होलिका पर पानी डालने की बात से साफ इंकार किया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना था कि वीडियो में साफ तौर से पुलिसकर्मी होलिका पर पानी डालते हुए दिख रहे हैं। अखंड भारत मोर्चा ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in