प्रतापगढ़ : जमीनी विवाद में चाकू से वार कर की सगे भाई की हत्या
प्रतापगढ़, 19 जून (हि.स.)। अंतू थाना क्षेत्र में शनिवार को जमीनी विवाद में सगे भाई ने चाकू से मारकर हत्या कर दी। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल मौजूद है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। प्रतापगढ़ और अमेठी जनपद की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों जिलों की पुलिस के बीच घटनास्थल को लेकर विवाद था। अंततः घटनास्थल प्रतापगढ़ जनपद के अंतू थाना क्षेत्र का निकला। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के शीतलाबक्श का पुरवा निवासी रामशरण गुप्ता पुत्र बद्री प्रसाद व उनके सगे भाई राम खेलावन के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। शनिवार को दोनों भाई जमीन बंटवारे को लेकर विवादित जमीन की नापजोख कर रहे थे। इस बीच विवाद होने पर रामखेलावन अपने स्वजनों के साथ रामशरण पर चाकू व तलवार से हमला करके मौत के घाट उतार दिया। प्रथम पक्ष राम शरण गुप्ता (40) पुत्र बद्री प्रसाद गुप्ता व द्वितीय पक्ष राम खेलावन पुत्र बद्री प्रसाद गुप्ता निवासीगण शीतला बक्श का पुरवा थाना संग्रामपुर जनपद अमेठी के मध्य जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। द्वितीय पक्ष के राम खेलावन व उसके सहयोगियों द्वारा प्रथम पक्ष के राम शरण गुप्ता उपरोक्त के ऊपर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें राम शरण गुप्ता गम्भीर रूप से घायल हो गया। उन्हें थाना संग्रामपुर जनपद अमेठी पुलिस द्वारा उपचार हेतु सीएचसी संग्रामपुर ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। जिस स्थान पर विवाद हुआ था वह खेत जनपद प्रतापगढ़ के थाना क्षेत्र अंतू के ग्राम धरौली में पड़ता है। इस सम्बंध में पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर थाना अंतू पर अभियोग पंजीकरण व अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। आरोपित भाई की तलाश की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/दीपेन्द्र/विद्या कान्त