miscreants-opened-fire-on-groceries
miscreants-opened-fire-on-groceries

बदमाशों ने परचून की दुकान पर की गोलीबारी

नई दिल्ली, 17 फरवरी (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के नरेला औद्योगिक इलाके में तीन बदमाशों ने एक परचून की दुकान पर गोलीबारी कर दी। गोली लगने से दुकान का एक कर्मचारी घायल हो गया। उसके हाथ में गोली लगी है। कर्मचारी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच के बाद दुकानदार ने गोली चलाने वाले एक युवक की पहचान करने का दावा किया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुट गई है। सोमवार रात सात बजे पुलिस को हौलंबीखुर्द गांव में एक परचून की दुकान पर गोलीबारी में एक कर्मचारी के घायल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि गोली से घायल कर्मचारी सुशील को पास के अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। उसके हाथ पर गोली लगी है। जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक खोखा मिला। मूलत: रेवाड़ी सेक्टर चार हरियाणा निवासी सुरेंद्र ने बताया कि वह मामा अमर सिंह के साथ दुकान करता है। सोमवार शाम दुकान पर बैठा था। इसी दौरान सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध युवक को गली में जाते देखा। दुकान से निकलकर वह गली में गया। तीनों लड़के वापस आ रहे थे। एक लड़का आगे निकल गया जबकि दो लड़कों ने दुकान के पास पहुंचकर दो राउंड गोली चला दी। उस समय सुशील दुकान के बाहर खड़ा था। जिसे एक गोली हाथ पर लगी। सुरेंद्र ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की जांच में गोली चलाने वाले एक युवक की पहचान कर ली है। आरोपित युवक होलंबी गांव निवासी विशाल है। इससे पहले विशाल का बड़ा भाई भी दुकान पर फायरिंग कर चुका है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में कर उसके आधार पर नामजद आरोपित और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in