mauranipur-shooting-one-of-the-injured-died-angry-people-came-out-on-the-streets
mauranipur-shooting-one-of-the-injured-died-angry-people-came-out-on-the-streets

मऊरानीपुर गोलीकांड: घायलों में से एक की मौत, आक्रोशित जनता उतरी सड़कों पर

-पुलिस व स्थानीय विधायक पर आरोपितों के संरक्षण के लगाए आरोप झांसी, 16 जून (हि.स.)। कस्बा मऊरानीपुर में हुए गोलीकाण्ड ने बुधवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब गोली लगने से घायल हुए दो लोगों में से एक की दिल्ली ले जाते समय मौत हो गई। सुबह जब मामले की जानकारी कस्बे के लोगों को हुई तो पूरा मोहल्ला एकत्र हो गया। मौके की नजाकत को देखते हुए कई थानों की पुलिस भी मौके पर मुस्तैद हो गई। लोगों ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय विधायक पर आरोपितों को बचाने का अरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा। मऊरानीपुर के दुबे चौक निवासी अशोक अग्रवाल व मुकेश अग्रवाल को दो दिन पूर्व देर रात हुए गोलीकांड में गोली लगने के बाद झांसी रिफर कर दिया गया था। अशोक के पेट में गोली लगी थी। मेडिकल काॅलेज में ऑपरेशन के बाद भी अशोक अग्रवाल की हालत में सुधार नहीं हो रहा था। इस कारण बीते रोज चिकित्सकों ने अशोक को दिल्ली के लिए रिफर कर दिया था। बीती शाम अशोक के परिजन उन्हें लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही उनकी रास्ते में मौत हो गई। इसकी सूचना बुधवार की सुबह कस्बा मऊरानीपुर पहुंची। उसके बाद पूरी बस्ती में अशोक की मौत का मातम छा गया। स्थानीय लोगों में पुलिस व आरोपियों के विरुद्ध आक्रोश फूट पड़ा। लोगों और महिलाओं ने स्थानीय विधायक और पुलिस प्रशासन पर आरोपितों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। लोगों ने यहां तक ऐलान कर दिया कि यदि पुलिस आरोपित सेठिया परिवार के लोगों को गिरफ्तार नहीं करती है तो पीड़ित पक्ष में पूरे 50 लोगों का परिवार आत्महत्या करने को विवश होगा। जनता के आक्रोश को देखते हुए पूरा दुबे चौक छावनी में तब्दील हो गया। सुरक्षा की कमान क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर विवेक सिंह ने अपने हाथों में ले रखी है। हालांकि उनके नेतृत्व में कई थानों का पुलिस बल दुबे चौक में तैनात है। वहीं आक्रोशित लोगों ने स्थानीय विधायक,आरोपितों व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरकर जुलूस तक निकाल दिया। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व दरवाजे के बाहर बाइक रखने को लेकर अग्रवाल व सेठिया परिवार में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों की गहमा गहमी फिर गोलियां चली थीं। जिसमें मुकेश व अशोक अग्रवाल को गोली लगने से वे घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में सेठिया परिवार के लोगों समेत 7 लोगों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज किया था। हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in