maulana-raped-a-teenager-in-a-religious-place
maulana-raped-a-teenager-in-a-religious-place

मौलाना ने धार्मिक स्थल में किशोरी के साथ किया दुष्कर्म

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में एक मौलाना ने धार्मिक स्थल में एक नाबालिग किशोरी के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पानी भरने आई किशोरी को बंधक बनाकर आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपित ने किशोरी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घर जाकर सारी बात परिजनों को बताई तो मोहल्ले में हंगामा मच गया। धार्मिक स्थल के बाहर लोगों की भीड़ जुटी तो आरोपित पिछले दरवाजे से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी इलियासी (48) को लोनी गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित खुद शादीशुदा है, उसके चार बच्चे भी हैं। पुलिस के अनुसार, किशोरी परिवार के साथ हर्ष इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। किशोरी का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। किशोरी के पड़ोस में एक धार्मिक स्थल है। रविवार रात को घर में पानी खत्म हुआ तो मां ने उसे धार्मिक स्थल से पानी भरकर लाने के लिए कहा। किशोरी बाल्टी लेकर पानी भरने चली गई। आरोप है कि वारदात के समय धार्मिक स्थिल में इलियासी अकेला मौजूद था। उसने किशोरी को अकेला देखकर अपने कमरे में बुला लिया। इसके बाद बंधक बनाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपित ने किशोरी को जान से मारने धमकी देने के अलावा उससे कहा कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसके पूरे परिवार को भी मार देगा। डरी-सहमी किशोरी अपने घर पहुंची। उसने परिवार को सारी बात बताई। मामले की खबर मिलते ही मोहल्ले में भीड़ इकट्ठा हो गई। इधर आरोपित ने जब देखा कि हालात खराब हैं तो वह पिछले दरवाजे से फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी का मेडिकल करवाया, जहां दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सोमवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in