जांजगीर-चांपा: एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या , जांच में जुटी पुलिस
रायपुर / जांजगीर-चांपा, 5 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसों में सोमवार को एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव में भाई-बहन की लोहे की रॉड से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई है,वहीं कुछ ही दूर पर उन्हीं के चाचा का शव फंदे पर लटका मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक आलोक गौराहा (10) व मधु गौराहा (19) के परिवार वालों से उसका चाचा मानेश गौराहा रंजिश रखता था। जिसके चलते कई बार उनके बीच विवाद भी हुआ था। दोनों भाई बहन अकेले ही घर में रहते थे। मृतक के परिजन मजदूरी करने दूसरे राज्य गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि उसके चाचा ने ही पुरानी रंजिश के चलते दोनों भाई बहन की बेरहमी से हत्या की है। उसके बाद खुद कुछ ही दूर पर जाकर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर लिया है। हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र