howrah-recognition-fear-of-honor-killing-four-days-after-the-body-was-found
howrah-recognition-fear-of-honor-killing-four-days-after-the-body-was-found

हावड़ा : शव बरामद होने के चार दिन बाद मिली पहचान, ऑनर किलिंग की आशंका

हावड़ा, 14 फरवरी (हि. स.)। हावड़ा के डोमजूड़ में युवक-किशोरी के शव मिलने के चार दिनों के बाद, मृतकों की पहचान मिली है। मृत युवक का नाम अर्जुन दलूई (20) और किशोरी का नाम राखी प्रमाणिक (15) था। वे आरामबाग के मंसातला गांव के रहने वाले थे। किशोरी 10वीं कक्षा की छात्रा थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वे दोनों प्रेम विवाह कर घर से भाग गये थे। नौ फरवरी को, डोमजूड़ में शव बरामद किया गया। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। नवविवाहित दंपत्ति की हत्या क्यों की गई? मृतकों की पहचान के बाद, यहीं सवाल खड़ा हो रहा है। लापता रहने के बाद इनकी हत्या कैसे हो गयी, यह रहस्य फिलहाल बरकरार है। पुलिस का अनुमान है कि दोनों की हत्या ऑनर किलिंग से जुड़ा हो सकता है। मामले की जांच जारी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अर्जुन दलूई और राखी प्रमाणिक गत 26 जनवरी से आरामबाग के मंसातला गांव से लापता हो गए थे। दोनों पड़ोसी थे। उनके बीच प्रेम संबंध था। हालांकि उन दोनों के रिश्ते को घर वाले स्वीकार नहीं करते थे। इस कारण दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली। इधर, किशोरी के परिवार ने अर्जुन के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। उसके बाद, आरामबाग थाने की पुलिस ने घटना की जांच शुरू की। अर्जुन की मां को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गयी।दूसरी ओर, शादी के दो हफ्ते बाद भी घरवालों के डर से दोनों घर नहीं लौटे। इस बीच उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गयी और शव डोमजूड़ के नारना गांव में मिला। स्थानीय लोगों ने दोनों शवों को देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दो शव बरामद किए। पुलिस ने शवों की पहचान का पता लगाने के लिए आसपास के जिलों और पुलिस स्टेशनों में मृतकों की तस्वीरें भेजीं। डोमजूड़ पुलिस को अब मृतकों के पहचान का पता चला। पुलिस आगे की कार्रवाही में जुट गई है। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा हुआ है, लेकिन पुलिस इस बात से परेशान है कि 15 दिनों तक घर से लापता रहने के बाद प्रेमी व प्रेमिका की हत्या कैसे हो गयी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस दोनों के परिजनों से पूछताछ कर रही है। सभी ग्रामीणों ने घटना की उचित जांच की मांग की है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in