Hemp smugglers arrested on the pretext of supplying masks and PPE kits

मास्क और पीपीई किट सप्लाई करने के बहाने गांजे की तस्करी करने वाले गिरफ्तार

नई दिल्ली, 02 जनवरी (हि.स.) । टेंपो पर कोविड के लिए मास्क और पीपीई किट सप्लाई करने के बहाने बदमाश गांजे की तस्करी कर रहे थे। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से 950 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान नांगलोई, दिल्ली निवासी चंदन शाह (30) और पटना, बिहान निवासी कृष्ण देव राय (65) के रूप में हुई है। दोनों ओडिशा से खाने-पीने की अन्य वस्तुओं के साथ छिपाकर गांजा लाते थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। मामले में पुलिस को ट्रक चालक की भी तलाश है। अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त शिबेश सिंह ने बताया कि डीसीपी भीष्म सिंह और इंस्पेक्टर शिव दर्शन व अन्यों की टीम को सूचना मिली थी कि गांजा सप्लाई करने वाले कुछ बदमाश कुंवर सिंह नगर, नांगलोई में आने वाले हैं। पुलिस ने शुक्रवार को वहां जाल बिछा दिया। इस दौरान पुलिस ने सफेद रंग का एक मिनी टेंपो आते हुए देखा। टेंपो पर मास्क और पीपीई किट सप्लाई करने का स्टीकर लगा हुआ था। पुलिस ने टेंपो को रोककर उसकी तलाश ली तो उसमें से 950 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने चंदन और कृष्ण देव को मौके से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान कृष्ण ने बताया कि उसके नौ बच्चे हैं। पिछले साल उसे मुन्ना नामक एक शख्स मिला था। उसने ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली सप्लाई करने के लिए कहा था। गांजा सप्लाई के लिए उसने अपने साथ चंदन नामक युवक को मिलाया। दोनों ओडिशा से बलिया निवासी अर्जुन के ट्रक में गांजा लाते थे। यहां दिल्ली लाकर अलग-अलग सप्लायर को बेच दिया करते थे। इसके बदले इनको मोटी कमाई होती थी। पुलिस बाकी आरोपितों की तलाश कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in