फिरोजाबाद: बहनोई के यहां आये साले की गोली मारकर हत्या
फिरोजाबाद, 17 मई (हि.स.)। खैरगढ़ थाना क्षेत्रान्तर्गत रविवार को बहनोई के घर आये साले की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजकर मामले की जांच में जुट गई। मैनपुरी जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र स्थित गांव औरंगामंडल निवासी पुष्पेंद्र (29) रविवार की शाम अपनी बहन को लेकर फिरोजाबाद के थाना खैरगढ़ क्षेत्र नगला जयकिशन निवासी अपने बहनोई धर्मेंद्र के यहां आया था। वह रात को कमरे में तख्त पर सोने चला गया। तभी देर रात को जंगले से किसी ने पुष्पेंद्र को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना से हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष खैरगढ़ संजय सिंह ने बताया कि युवक की गोली लगने से मौत हुई है। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच कर कार्यवाही की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/कौशल