नौ पुलिस पदाधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज

fir-registered-against-nine-police-officers
fir-registered-against-nine-police-officers

दरभंगा, 15 जून (हि.स.)।जिले के लहेरियासराय थाना अंतर्गत कई कांडों का प्रभार नहीं सौंपने वाले नौ पुलिस पदाधिकारियों पर लहेरियासराय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी लहेरियासराय थानाध्यक्ष एचएन सिंह के आवेदन पर इन अधिकारियों के खिलाफ दर्ज हुई है। इन अधिकारियों पर सरकारी अभिलेख का गबन व सरकारी काम में बाधा का आरोप लगाया गया है। सिटी एसपी अशोक कुमार प्रसाद ने ऐसे लापरवाह अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश लहेरियासराय थानाध्यक्ष को दिया था। सिटी एसपी ने आदेश में लिखा था कि थाने में पहले के पदस्थापित इंस्पेक्टर एवं दारोगा द्वारा 27 कांडों का प्रभार अभी तक नहीं सौंपा गया है। इसके कारण अनुसंधान बाधित है। इस स्थिति में अभियुक्तों के विरुद्ध कारवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया था कि इससे पहले भी इन अधिकारियों को कई बार कांडों का प्रभार सौंपने के लिए सूचना दी गई थी, परंतु इन लोगों ने अभी तक प्रभार नहीं सौंपा। यह अधिकारियों द्वारा अपने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं आदेश के उल्लंघन के मामला को दर्शाता है। थानाध्यक्ष ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि पुअनि जगदीश महतो द्वारा सबसे अधिक 2012 में दर्ज छह कांडों का प्रभार अभी तक नहीं सौंपा गया। वहींं पुलिस निरीक्षक राधेश्याम यादव द्वारा तीन कांड, ब्रजेश पाठक द्वारा दो कांड, रामकिशोर शर्मा द्वारा तीन कांड, पुलिस अवर निरीक्षक जगदीश महतो द्वारा छह कांड, महानंद यादव द्वारा एक कांड व कृष्णा चौधरी द्वारा पांच कांंडों का प्रभार अभी तक नहीं सौंपा गया है। इसके अलावा तत्कालीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल द्वारा एक कांड, पुलिस अवर निरीक्षक मारकंडेय सिंह द्वारा एक, निर्मल राम द्वारा एक व डीएन शर्मा द्वारा तीन कांडों का प्रभार नहीं सौंपा गया। इसमें से कई कांड ऐसे भी हैं, जिसकी प्राथमिकी वर्ष 2012 में दर्ज की गई थी और बीते नौ सालों में इन पुलिस पदाधिकारियों द्वारा अबतक प्रभार नहीं सौंपा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in