fake-notes-started-learning-after-learning-from-youtube-arrested
fake-notes-started-learning-after-learning-from-youtube-arrested

यू-ट्यूब से सीखकर छापने लगा नकली नोट, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 13 फरवरी (हि.स.)। लॉकडाउन में एक शख्स का काम धंधा चौपट हुआ तो उसने यू-ट्यूब से नकली नोट छापना सीखकर गोरखधंधा शुरू कर दिया। वह 50 और 100 रुपये के ही नोट छापकर उनको भीड़ वाली जगहों पर चलाने लगा लेकिन गुरुवार को एक ई-रिक्शा वाले को उसने 50 का नोट दिया तो उसे कुछ शक हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान जामा मस्जिद निवासी सैयद मो. इमरान (48) के रूप में हुई है। आरोपित के पास से कुल 27,450 रुपये के नकली नोट, एक बढ़िया किस्म का प्रिंटर व कागज बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि लॉक डाउन के बाद से वह काफी सारे नोट छापकर चला चुका है। मध्य जिले के डीसीपी जसमीत सिंह ने बताया कि गुरुवार रात को पहाड़गंज थाने में तैनात सिपाही प्रवीन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास पेट्रोलिंग कर रहा था। उसी दौरान उसने देखा कि एक ई-रिक्शा चालक जावेद एक अन्य व्यक्ति से झगड़ा कर रहा था। जावेद का कहना था कि सवारी ने उसे 50 रुपये का नकली नोट दिया। प्रवीन ने सवारी की तलाशी ली तो उसके पास से 23 नोट नकली मिले। प्रवीन ने मामले की सूचना एसएचओ वीएन झा और एसआई अजय को दी। फौरन दोनों मौके पर पहुंचे। आरोपित सैयद मो. इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके घर पर तलाशी ली गई। जहां से बाकी नोट बरामद हुए। इमरान ने बताया कि वह जामा मस्जिद इलाके में किताबों की दुकान चलाता था। लॉक डाउन में उसका काम बंद हो गया। बेरोजगार होने पर उसने यू-ट्यूब से नकली नोट बनाने सीखे। इसके बाद काफी प्रयोगों के बाद वह नकली नोट बनाने लगा। इसके लिए वह एक कलर प्रिंटर नेहरू प्लेस से खरीदकर लाया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in