elderly-parents-beaten-and-taken-out-of-the-house-for-property
elderly-parents-beaten-and-taken-out-of-the-house-for-property

प्रॉपर्टी के लिए बुजुर्ग माता-पिता को पीटकर घर से बाहर निकाला

नई दिल्ली, 27 फरवरी (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में एक बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर प्रॉपर्टी के लिए बुजुर्ग माता-पिता को पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। आरोपी ने उनका सामान भी घर से बाहर फेंक दिया। बुजुर्ग दंपती ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की। लंबी छानबीन के बाद पुलिस ने अब मामला दर्ज किया है। बुजुर्ग ने आरोप लगाया है कि आरोपित बेटा व बहू ने अपनी ससुराल से चार-पांच औरतों को बुलाकर घर पर रख लिया है। अब वह दंपती को झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ज्ञानचंद (61) परिवार के साथ सभापुर, सोनिया विहार में रहते हैं। इनके परिवार में तीन बेटे संजीव, संदीप और राहुल है। ज्ञानचंद सीपीडब्ल्यूडी से रिटायर हैं। ज्ञानचंद की गांव में 500 गज जमीन है जबकि वर्ष 1996 में ज्ञानचंद ने अपने भाई से 1000 गज जगह खरीद ली थी। इनके ओखला उपखंड में दो मकान थे। 2006 में बड़े बेटे संजीव की शादी करने के बाद वह ओखला में शिफ्ट हो गए। इस बीच 2012 में संदीप और 2013 में राहुल की शादी कर दी। 2017 में ज्ञानचंद ने सोनिया विहार वाला मकान छोटे राहुल व उसकी पत्नी निकिता को रहने के लिए दे दिया। मार्च 2020 में ज्ञानचंद रिटायर हुए तो वह अपने बड़े बेटे संजीव व अपनी पत्नी संतरादेवी के साथ सभापुर वाले मकान में आकर रहने लगे। इस बीच दिसंबर 2020 में बटवारे को लेकर राहुल व निकिता का संजीव से झगड़ा हुआ तो संजीव मकान छोड़कर चला गया। इस बीच जनवरी 2021 में राहुल व निकिता ने संतरा देवी व ज्ञानचंद को भी पीटकर घर से निकाल दिया। घर पर ताला लगा दिया। आरोपियों ने कुछ सामान चोरी करने के बाद बाकी सामान घर से बाहर फेंक दिया। विरोध करने पर माता-पिता की पिटाई की। बाद में दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगा। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने अब छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in