drunken-husband-took-his-wife39s-life-arrested
drunken-husband-took-his-wife39s-life-arrested

शराब के नशे में धुत पति ने ली पत्नी की जान, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स.)। शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित महिला के पास ही लेट गया। सुबह जब उसकी आंख खुली तो पत्नी में कोई हलचल नहीं थी। आरोपित अपने कपड़े उठाकर फरार हो गया। मृतका की शिनाख्त हशिका (30) के रूप में हुई। वारदात के समय महिला का चार साल का बेटा भी उसके पास ही सोया हुआ था। हत्या के चंद ही घंटों बाद बुराड़ी थाना पुलिस और उत्तरी जिले की साइबर सेल ने आरोपित राजकुमार (32) को नांगलोई में उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान राजकुमार ने बताया कि उसे शराब पीने की लत है। यह बात उसकी पत्नी हशिका को पसंद नहीं थी। इसी बात पर दोनों का झगड़ा होता था। मंगलवार देर रात कहासुनी के दौरान आरोपित राजकुमार ने हशिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। उत्तरी जिले के डीसीपी अंटो अल्फोंस ने बताया कि बुधवार सुबह संत नगर बुराड़ी से एक महिला की हत्या की कॉल आई थी। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम को एक महिला तुलसी देवी मिली। तुलसी ने बताया कि उसके दामाद ने पांचवी मंजिल स्थित कमरे में उसकी बेटी हशिका की हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। तुलसी ने बताया कि उसने करीब 6 साल पहले अपनी बेटी की शादी कोटला मुबारकपुर निवासी राजकुमार नामक युवक से की थी। राजकुमार पेशे से फोटोग्राफर था। शादी के बाद से ही राजकुमार हशिका को मारने-पीटने लगा। उसे शराब की लत लग गई। लॉक डाउन हुआ तो उसका धंधा बंद हो गया। करीब छह माह पूर्व वह कोटला से अपनी ससुराल संत नगर में आकर पांचवी मंजिल पर पत्नी के साथ् रहने लगा। राजकुमार ने प्लंबर का काम कर लिया जबकि हशिका ने घर के पास ही किराना की छोटी सी दुकान खोल ली। राजकुमार शराब के लिए पत्नी से रोजाना रुपये मांगता था। रुपये न देने पर झगड़ा करता था। आरोप है कि मंगलवार रात 11 बजे हशिका, उसका चार साल का बेटा घर में मौजूद थे। तभी राजकुमार वहां पहुंचा। हशिका व राजकुमार का झगड़ा हुआ तो उसने गुस्से में पत्नी का गला घोंट दिया। हशिका बिस्तर पर गिर गई। राजकुमार भी उसके बराबर में लेटकर सो गया। सुबह 4.30 बजे उसकी आंख खुली तो पत्नी में हलचल न देखकर उसके होश उड़ गए। वह अपना सामान उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से आरोपित को बुधवार देर रात को नांगलोई से गिरफ्तार कर लिया। राजकुमार के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्रीय एसडीएम भी मामले की जांच कर रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in