पूर्व एडिशनल डिस्ट्रिक्ट सेशन जज से ठगी

पूर्व एडिशनल डिस्ट्रिक्ट सेशन जज से ठगी

नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में पूर्व एडिशनल डिस्ट्रिक्ट सेशन जज साइबर ठगी का शिकार हो गए। आरोपियों ने पीड़ित बी.एल गर्ग को मोबाइल अपडेट करने का झांसा दिया। इसके बद आरोपियों ने उनका मोबाइल हैक कर उनके खाते में सेंध लगा ली। पीड़ित का मोबाइल नंबर भी आरोपियों ने बंद कर दिया। नंबर चालू कराने पर उन्हें ठगी का पता चला। आरोपियों ने उनके खाते से 87 हजार रुपये उड़ा लिये। पीड़ित जज की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक रिटायर्ड जज परिवार के साथ गणपति अपार्टमेंट, अलीपुर रोड, सिविल लाइंस में रहते हैं। उनके मोबाइल पर पांच जुलाई को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने अपना नाम मनीष कुमार बताकर मोबाइल अपडेट करने की जानकारी दी। आरोपी ने बताया कि यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उनके मोबाइल फोन पर इनकमिंग और आउट गोइंग कॉल बंद हो जाएगी। आरोपी ने जानकारी देने के लिए उन्हें पांच-छह बार कॉल करने के अलावा ईमेल भी किए। आरोप है कि 11 जुलाई को आरोपी ने मोबाइल अपडेट करने के बहाने उनको एक लिंक भेजा। जिसे क्लिक करते ही बदमाशों ने उनका मोबाइल हैककर उनके खाते में सेंध लगा दी। पीड़ित का मोबाइल 11 और 12 जुलाई तक बंद रहा। पीड़ित ने जब अपना मोबाइल नंबर चालू किया तो उन्हें ठगी का पता चला। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in