demand-for-five-lakh-in-dowry-accused-of-poisoning-the-married-woman
demand-for-five-lakh-in-dowry-accused-of-poisoning-the-married-woman

दहेज में पांच लाख की मांग, विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप

जोधपुर, 30 जून (हि.स.)। निकटवर्ती लूणी तहसील के शुभदंड में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पीहर पक्ष ने जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दी है। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सौंप दिया गया। शादी को ढाई साल ही हुए थे। आरोप है कि ससुराल वाले उससे पांच लाख रूपए मांग रहे थे। जबकि शादी में ढाई लाख रुपये दिए गए थे। फिलहाल पुलिस की तरफ से जांच की जा रही है। लूणी पुलिस ने बताया कि बाड़मेर के सिणधरी स्थित भंडापुरा निवासी बगताराम पुत्र शेराराम जाट की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसकी बहन की शादी शुभदंड निवासी गणपतराम पुत्र ओमप्रकाश जाट के साथ की गई थी। शादी को करीबन ढाई साल ही हुए थे। उसकी बहन को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताडि़त किए जाने के साथ पांच लाख रूपयों की मांग कर रहे थे। जबकि शादी के समय सोना चांदी के साथ ढाई लाख रूपए दिए गए थे। दो तीन दिन पहले उसकी बहन छगनी ने पीहर में फोन कर जान को खतरा बताया था। मगर बाद में सूचना मिल गई कि छगनी की मौत हो गई है। मृतका के भाई का आरोप है कि उसकी बहन का पति गणपतराम, सास बाबूदेवी एवं ससुर ओमप्रकाश ने दहेज के लिए प्रताडि़त किए जाने के साथ जहर देकर मारा है। घटना में अब एसीपी बोरानाडा मांगीलाल की तरफ से अनुसंधान किया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in