dead-body-of-college-girl-found-missing-from-home
dead-body-of-college-girl-found-missing-from-home

घर से लापता कॉलेज छात्रा का प्रेमी संग मिला शव, मचा हडक़म्प

ऊना, 22 फरवरी (हि.स.)। ऊना जिला के राजकीय महाविद्यालय अंब के समीप जंगल में कालेज छात्रा व एक युवक के संदिग्ध अवस्था में लाशें मिलने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले को लेकर संदेह बरकरार है। मृतकों की पहचान गांव मनसोह व नेहरियां के रूप में हुई है। 21 वर्षीय लड़का जो कि मनसोह टिक्करी गांव से संबंधित है और आट्टा चक्की पर काम करता था। जबकि 19 वर्षीय लड़की अंब कॉलेज की छात्रा बताई जा रही है, जो कि नेहरियां की रहने वाली थी। आठ फरवरी से लड़की रोजाना की तरह कॉलेज आई थी, लेकिन वापिस घर नही पहुंची थी। जिसके बारे में युवती के परिजनों ने पुलिस के पास शिकायत भी दर्ज करवाई थी। जिस पर उपरोक्त युवक पर लड़की को भगाने के आरोप भी लगाए गए थे। पुलिस इस मामले में जुटी थी। सोमवार को जब गांव का एक युवक इस क्षेत्र की ओर गया था तो अचानक ही दोनों शवों को देखकर दंग रह गया। युवक ने मामले की सूचना स्थानीय प्रधान को दी और पुलिस को सूचित किया गया। दोनों शव बुरी तरह सड़ चुके थे। कॉलेज के समीप शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुट गई है। इसी मामले से पर्दा हटाने के लिए पुलिस ने फोंरेसिंक टीम को भी मौका पर बुलाया है। जिन्होंने मौका पर से साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए ले जाया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टि में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से एक कागज भी मिला है, जिसे पुलिस सुसाइड नोट मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं कुछ शीशीयां भी घटनास्थल से मिली हैं। जिन्हें भी जांच के लिए भेजा गया है। सूचना मिलते ही एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर, डीएसपी अंब सृष्टि पांडे व एसएचओ अंब रमन चौधरी मौका पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से भी जानकारी एकत्रित की जा रही है। वहीं मृतकों के परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। बहरहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। पुलिस ने इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है। वहीं इस संबंध में एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। फोरेसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/विकास/उज्जवल

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in