bullet-fired-over-controversy-over-laying-pipes-ba-student-injured
bullet-fired-over-controversy-over-laying-pipes-ba-student-injured

पाईप बिछाने के विवाद को लेकर चली गोली, बीए की छात्रा घायल

जौनपुर, 02फरवरी (हि.स.)। खुटहन थाना क्षेत्र के बेसहूपुर गांव में मंगलवार की सुबह सिंचाई के लिए प्लास्टिक की पाइप बिछाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बीच गोली चल गई। जिसमें एक बीए तृतीय वर्ष की छात्रा सीमू तिवारी पुत्री श्री चन्द्र तिवारी(19 वर्ष) गम्भीर रूप से घायल हो गयी। जिसका उपचार जिला चिकित्सालय जौनपुर में चल रहा है। जबकि दोनों पक्षों से कुल चार लोग लाठी डंडे व ईंट पत्थर के हमलों से घायल है। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की गम्भीरता से जांच पड़ताल कर रही है। गांव निवासी सभाशंकर तिवारी व दिनेश तिवारी के बीच वर्षो से घूर का विवाद चला आ रहा है। इस मामले में 5 माह पूर्व दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर कार्यवाही किया था। एक पक्ष के दिनेश तिवारी के भाई श्रीचन्द्र तिवारी का आरोप है कि सभा शंकर तिवारी के घर के लोगों ने मंगलवार की सुबह दरवाजे के सामने पालतू मवेशी बांधने के स्थान से सिंचाई के लिए पाईप बिछा दिया। जबकि पाईप भी फटी थी। जिससे पानी फैलने के कारण द्वार की मिट्टी गीली हो जाती है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। लाठी डण्डा व ईंट पत्थरों के बीच तक़रीबन तीन राउण्ड में चली गोली से बीए तृतीय वर्ष की छात्रा सीमू तिवारी पुत्री श्रीचन्द्र तिवारी घायल हो गयी। मारपीट में श्री चन्द तिवारी व विपक्षी सभा शंकर तिवारी व उनके दो बेटों को चोटें आई। जिनका उपचार स्थानीय सीएचसी पर चल रहा है। घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची है, छानबीन की जा रही है घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों में पहले से झगड़ा चला रहा था इस मामले में भी कार्रवाई की गई थी। मंगलवार सुबह पुनः दोनों पक्षो में मारपीट हुई है। इस दौरान फायरिंग भी हुई है।तहरीर मिलते पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in