belgaum-tempo-crushes-laborers-sleeping-on-pavement-after-hitting-scooty-rider
belgaum-tempo-crushes-laborers-sleeping-on-pavement-after-hitting-scooty-rider

बेलगाम टेंपो ने स्कूटी सवार को टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर सो रहे मजदूरों को कुचला

नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में बुधवार तड़के निगम बोध घाट के पास एक बेलगाम टेंपो ने पहले स्कूटी सवार को टक्कर मारी, इसके बाद वह फुटपाथ पर सो रहे मजदूरों पर चढ़ गया। हादसे में स्कूटी सवार सिविल डिफेंस वालंटियर की मौत हो गई जबकि फुटपाथ पर सो रहे एक मजदूर की भी जान चली गई। हादसे में दो अन्य मजदूर बुरी तरह घायल हो गए। मृतक सिविल डिफेंस वालंटियर की पहचान बहरम खान (34) के रूप में हुई है। दूसरी ओर 35 वर्षीय मजदूर की अभी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं घायल लुधियाना निवासी रमेश (52) और एक अन्य मजदूर (50) का कश्मीरी गेट स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज जारी है। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में लेकर चालक अतीक अहमद (26) को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के समय वह टेंपो में गमले लेकर उत्तर प्रदेश (यूपी) से सराय काले खां की ओर जा रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपित ने नींद की झपकी आने की बात की है। कश्मीरी गेट थाना पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। उत्तरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बहरम खान अपने परिवार के साथ पुरानी दिल्ली के मटिया महल इलाके में रहता था। इसके परिवार में मां, चार भाई और गर्भवती पत्नी है। बहरम खान सिविल डिफेंस में वालंटियर था। बुधवार सुबह वह अपनी मां को लेकर वजीराबाद गया था। वहां रिश्तेदार के यहां मां को छोड़कर वह अकेला ही घर लौट रहा था। इस बीच निगम बोध घाट के पास शास्त्री पार्क की ओर से आए आइशर टेंपो ने पहले बहरम खान की स्कूटी को रौंदा। इसके बाद अनियंत्रित होकर वह फुटपाथ पर चढ़ गया। फुटपाथ पर उस समय कुछ मजदूर सो रहे थे। टेंपो ने फुटपाथ पर तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद वहीं पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मी घटना स्थल पर पहुंच गए। टेंपो चालक को वहीं पर दबोच लिया गया। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पीसीआर और कैट्स एंबुलेंस की मदद से घायलों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां बहरम खान और 35 साल के मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बाकी रमेश व एक अन्य का इलाज जारी है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय बहरम ने हेलमेट लगाया हुआ था। अचानक पीछे से टक्कर मारकर टेंपो चालक ने उसे कुचल दिया। बाद में टेंपो फुटपाथ पर चढ़ गया। फुटपाथ के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि हादसे का शिकार हुए तीनों लोग मजदूरी करते थे। रात के समय वह यहां फुटपाथ पर सोते थे। पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अतीक अहमद नेहरू विहार, मुस्तफाबाद का रहने वाला है। टेंपो उसकी मां के नाम पर रजिस्टर्ड है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in