arrested-for-cheating-jewelers-through-check-book
arrested-for-cheating-jewelers-through-check-book

चेक बुक के जरिए जौहरियों को ठगने वाला गिरफ्तार

नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। सड़क पर मिली बैंक चेक बुक की सहायता से जौहरियों से सोने के गहने ठगने वाले एक शातिर व्यक्ति को रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस आरोपित को इतना तक पता था कि सुबह सुबह जौहरी मोटी पार्टी को ही अटेंड करते हैं। इसी का फायदा उठाकर आरोपित ने जौहरी को ठग लिया और उनको सड़क पर मिली चेक बुक का चेक एक बार नहीं बल्कि दो बार थमा दिया। शातिर ठग की पहचान विशाल शेरा के रूप में हुई है। वह मूलरूप से कलकत्ता का रहने वाला है। आरोपित के कब्जे से पचास हजार रुपये बरामद किए हैं। जबकि सोने के गहनों को बरामद करने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपित पहले भी ऐसे ही दो केसों में शामिल रहा है। डीसीपी प्रणव तयाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 19 नवम्बर को बुध विहार इलाके में स्थित श्री श्याम ज्वैलर्स के मालिक से विजय विहार पुलिस को शिकायत मिली थी, जिसने बताया कि उसके पास एक फोन आया था। कॉलर ने खुद को मनीष गुप्ता बताकर ममता गुप्ता नामक महिला का पति बताया था। उसने बताया था कि ममता आपकी दुकान से अक्सर गहने खरीदती रहती है। वह आपकी रेगुलर कस्टमर हैं। इसी बात का झांसा देकर कॉलर ने अपने व्हट्सअप नंबर पर सोने की चेन के सेंपल मांगे। कुछ ही देर में उनमें से एक सैंपल वापिस दिखाकर उसने राजेन्द्र पैलेस मैट्रो स्टेशन पर चेन भिजवाने की बात कही। शिकायतकर्ता ने भी अपने कर्मचारी को भेजकर सोने की चेन दिलवा दी। कॉलर ने कर्मचारी को सवा चार लाख रुपये का चेक दिया। इसके बाद इसी तरह से उसी जगह पर एक और चेन मंगवाकर पौने दो लाख रुपये का चेक कर्मचारी को थमा दिया। जब जौहरी ने दोनों चेक बैंक में डाले। चेक के बारे में पता चला कि चेक खोने की शिकायत बैंक अधिकारियों के पास पहले से ही है। शिकातयकर्ता ने इस बात को अपने कुछ अन्य जौहरी साथियों को बताई। जिसमें से एक ने बताया कि उसके पास भी इसी तरह से फोन आया था। विजय विहार पुलिस ने मामला दर्ज किया। एसएचओ सुधीर कुमार की देखरेख में पुलिस टीम को आरोपितों को पकड़ने का जिम्मा सौंपा गया। दोनों कर्मचारियों से कॉलर के चेहरे के बारे में जानकारी ली। फिर मैट्रो स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। कॉलर के फोन नंबर को भी सर्विलांस पर लगाकर उसकी लोकेशन के बारे में पता करने की कोशिश की। आखिरकार जब कॉलर ने एक बार फिर से वारदात के करने की कोशिश की। जौहरी ने मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। शादीपुर मैट्रो स्टेशन पर घेराबंदी की गई। जैसे ही आरोपी कर्मचारी से गहने लेने आया। उसको वहीं पर दबोच लिया। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in