महिलाओं से जेवरात की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

accused-of-cheating-jewelery-from-women-arrested
accused-of-cheating-jewelery-from-women-arrested

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले के डाबड़ी थाना पुलिस ने बंडल में लाखों रुपये होने का झांसा देकर महिलाओं से जेवरात की ठगी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की गिरफ्तारी से पुलिस ने छह मामले सुलझाने का दावा किया है। आरोपित पर पहले से तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर जेवरातों की बरामदगी का प्रयास कर रही है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि आरोपित की पहचान सुल्तानपुरी निवासी अर्जुन (26) के रूप में हुई है। डाबड़ी इलाके में 15 फरवरी को एक ठग ने महिला को बंडल में रखे लाखों रुपये देने का झांसा देकर उससे जेवरात ठग कर फरार हो गया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। सब इंस्पेक्टर शंकर लाल मीणा ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने के साथ साथ अन्य तकनीकी जांच की मदद से आरोपित अर्जुन के बारे में पता लगाया और गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपित डाबड़ी इलाके में ही कई महिलाओं से ठगी कर चुका है। वह अकेली जा रही महिला को अपना शिकार बनाता था। महिलाओं को बताता है कि उसके पास काफी पैसे हैं। फिर एक बंडल दिखाता था। जिसके उपर में पांच सौ का नोट रखा हुआ रहता था। जिसे देखकर महिलाओं को लगता है कि बंडल में पांच सौ रुपये की गड्डी है। लालच में आकर वह अपने जेवरात ठग को दे देती थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह अब तक डाबड़ी इलाके में छह वारदात को अंजाम दे चुका है। जबकि पहले से उसपर चोरी, आबकारी अधिनियम और ठगी का एक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपित को रिमांड पर लेकर जेवरात की बरामदगी का प्रयास कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in