A young man who came home from Farrukhabad-Delhi was shot dead

फर्रुखाबाद-दिल्ली से घर आये युवक की गोली मारकर हत्या

फर्रुखाबाद, 09 जनवरी (हि. स.)। राजेपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली से घर आये युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार को पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। पुलिस गांव के ही कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना क्षेत्र के ग्राम भरखा निवासी गंगापाल(30) पुत्र रामकिशोर पाल दिल्ली में पिछले दो वर्षों से रहकर काम कर रहा था। बीते दिन ही वह दिल्ली से घर आया था। देर रात उसके मकान के पास ही पेट में गोली मार दी गयी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गंगापाल के जीजा इतनेस पुत्र चिरौंजी लाल निवासी भरखा राजेपुर ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद उसे सीएचसी राजेपुर लाया गया। जहां से उसे लोहिया अस्पताल भेज दिया गया। लेकिन हालत गंभीर होने से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। रास्ते में सैफई ले जाते समय उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने गांव के ही सुखेंद्र पुत्र नाजर सिंह व राकेश तेली पुत्र बच्चू सिंह निवासी जसूपुर पट्टी को हिरासत में ले लिया। सुखेंद्र और मृतक गंगापाल के बीच दो वर्ष पूर्व विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र गंगवार ने बताया कि जांच की जा रही है। गंगापाल की मौत के सम्बन्ध में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा। रंजिश के चलते लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/चन्द्रपाल/राजेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in