25-lakh-transaction-dispute-property-dealer-kidnaps-contractor
25-lakh-transaction-dispute-property-dealer-kidnaps-contractor

25 लाख लेन देन का विवाद: प्रोपर्टी डीलर ने करवाया ठेकेदार का अपहरण

जोधपुर, 17 मार्च (हि.स.)। शहर के मदेरणा कॉलोनी स्थित पीपली चौक में रहने वाले एक ठेकेदार का लेनदेन के विवाद में प्रोपर्टी डीलर ने अपहरण करवाया। खुद घटना में शरीक होकर बालसमंद की तरफ लेकर गया। फिर मारपीट की गई। पुलिस की गश्ती गाड़ी को आते देखा तो ठेकेदार को छोड़ कर भाग निकले। घटना गत 23 जनवरी की है। मंगलवार को महामंदिर थाने में नामजद प्रोपर्टी डीलर के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने अब इसमें अनुसंधान आरंभ किया है। महामंदिर थाने के सबइंस्पेक्टर कैलाश पंचारिया ने बताया कि मदेरणा कॉलोनी स्थित पीपली चौक का रहने वाला भागीरथ पुत्र मोतीराम जाट ठेकेदारी करता है। इसने अपने अपहरण का केस दर्ज कराया है। इसका आरोप है कि वह प्रोपर्टी डीलर मदेरणा कॉलोनी नामदेव मंदिर के पास में रहने वाले विजय प्रकाश सोनी से 25 लाख रूपए मांगता है। यह रुपए उसने वर्ष 2014- 16 के बीच दिए थे। मगर विजय प्रकाश सोनी ने रू रुपयों को नहीं लौटाया। उससे कई बार रुपयों को लेकर तकाजा किया गया। 23 जनवरी को विजय प्रकाश ने उसे फोन कर घर बुलाया और कहा कि रूपए नहीं है, इसलिए वह उसे अपना एक प्लॉट दे रहा है। इसके लिए साथ चलना होगा। तब विजय प्रकाश सोनी 23 जनवरी को अपने साथ कार में बिठाकर ले गया। कार में चार पांच अन्य लोग भी सवार थे। इन लोगों ने उससे कार में मारपीट करते हुए बालसमंद की तरफ लेकर गए। जहां पर भी मारपीट की गई। मगर वहां पर पुलिस की गश्ती गाड़ी को आते देख बदमाश उसे रास्ते में छोड़ कर भाग निकले। सबइंस्पेक्टर कैलाश पंचारिया ने बताया कि घटना को लेकर विजयप्रकाश सोनी व अन्य के खिलाफ अपहरण में केस दर्ज किया गया है। अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in