चीन को लेकर भ्रम फैलाना कांग्रेस की नीतिः संबित पात्रा
चीन को लेकर भ्रम फैलाना कांग्रेस की नीतिः संबित पात्रा

चीन को लेकर भ्रम फैलाना कांग्रेस की नीतिः संबित पात्रा

नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष व पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी चीन को लेकर देश की मिट्टी पर हर तरह की साजिश कर रहे हैं। यह दुखद है। पार्टी ने कहा कि चीन को लेकर भ्रम फैलाना कांग्रेस की नीति बन चुकी है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को कहा कि चीन को लेकर भारत पर हमला करना, भ्रामक चीजें फैलाना, झूठ बोलना ये कांग्रेस की नीति बन चुकी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे वक्त में जब चीन-भारत के बीच विवाद चल रहा है, उसी वक्त कार्यसमिति की बैठक करना और उसमें यह कहना कि भारत के सेना ने समर्पण कर दिया है, भारत कमजोर पड़ गया है, यह कांग्रेस का कैसा व्यवहार है। पात्रा ने कहा, 'मैं कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछना चाहता हूं, सोनियाजी, जब देश के आर्मी चीफ लेह में उतर रहे हों और देश के जवानों के मनोबल और शक्ति का वर्धन कर रहे हों । ऐसे वक्त में यह कहना कि भारत ने अपने क्षेत्र को सरेंडर कर दिया है और भारत कमजोर पड़ गया है, ये किस प्रकार की लड़ाई आप लड़ रहे हो।' उन्होंने कहा, ' सोनियाजी, मैं आज स्पष्ट बता देना चाहता हूं- हमारे देश हिंदुस्तान ने अपनी एक इंच जमीन सरेंडर नहीं की है। दु:ख का विषय है कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी शर्म को सरेंडर कर दिया है।' भाजपा नेता ने कहा कि हमारे देश पर चीन ने कोई कब्जा नहीं किया है। अगर कब्जा हुआ है तो मां-बेटे के मन पर, 2008 के समझौते के बाद चीन ने कब्जा कर लिया है। पात्रा ने आगे कहा कि देश पर कोई भी दुर्भाग्य आता है, उसे एक प्लेटफॉर्म की तरह इस्तेमाल कर अपने बेटे के लिए उसे लॉन्च पैड बनाने का काम जो कांग्रेस पार्टी करती है, वो नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा पर कोई राजनीति नहीं हो सकती है, कोई कंप्रोमाइज नहीं हो सकता है। हम सभी को आज संकल्प और शक्ति के साथ अपनी सेना के साथ खड़ा होना चाहिए। हिन्दस्थान समाचार/अजीत/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in