छत्तीसगढ़ गोवा नहीं है, सत्ता परिवर्तन का सपना न देखे भाजपा : टीएस स‍िंहदेव
छत्तीसगढ़ गोवा नहीं है, सत्ता परिवर्तन का सपना न देखे भाजपा : टीएस स‍िंहदेव

छत्तीसगढ़ गोवा नहीं है, सत्ता परिवर्तन का सपना न देखे भाजपा : टीएस स‍िंहदेव

रायपुर, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में सत्ता पलट की कोशिशों के बीच अब छत्तीसगढ़ में भाजपा के 'ऑपरेशन लोटस' को लेकर राजनीति गरमा गई है। एक दिन पहले ही भाजपा के राज्यसभा सांसद सरोज पांडे के तख्ता पलट वाले बयान के बाद शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ऐसी किसी अनहोनी से इंकार किया है। सिंहदेव शुक्रवार को जयपुर से लौटे हैं। लौटने के बाद सत्ता पलट के एक सवाल पर उन्होंने अपने बयान में कहा कि यहां ऐसा करना भाजपा का यह सपना है और यह सपना ही रह जाएगा। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार पांच साल चलेगी। और अगले पांच साल बाद भी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार रहेगी। टीएस सिंहदेव ने कहा कि मध्यप्रदेश की बात अलग है। मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच बेहद कम अंतर है। इसलिए पहले से ही लग रहा था कि वहां स्थिति गंभीर है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में किसी हाल में सत्ता परिवर्तन को नकारते हुए कहा कि गोवा और कर्नाटक जैसी स्थिति छत्तीसगढ़ में नहीं है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार गिर सके यह संभव नहीं है। सरोज पांडे के बयान पर उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ कहा होगा, लेकिन ऐसा लगता नहीं कि यहां पर सरकार को कोई संकट है। भाजपा पर सत्ता पलट करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहकर भाजपा के मन में डर की भावना घर कर गई है। सत्ता में आने के लिए वो लोग कुछ भी करने को तैयार हैं। उन्हें सिर्फ सत्ता चाहिए। राजस्थान में हो रहे राज्य सभा चुनाव और वहां कांग्रेस विधायकों के खरीदे जाने और सत्ता परिवर्तन की आहटों के बीच कांग्रेस आलाकमान ने टीएस सिंहदेव को रायपुर से जयपुर भेजा था। टीएस सिंहदेव ने कहा कि राजस्थान में स्थिति कांग्रेस के पक्ष में है। 200 एमएलए हैं जिसमें 125 कांग्रेस के पक्ष में है। हमारे तीन राज्य सभा सांसद चुने जाएंगे। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में सत्ता पलट की कोशिशों के बीच छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार के सत्ता पलट की अफवाहें जोरों पर हैं। हालांकि यहां कांग्रेस पूरी बहुमत से भी अधिक संख्या में है। हिन्दुस्थान समाचार/रंजन झा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in