BJP leaders are doing political conspiracy to buy paddy - Rekhachand Jain
BJP leaders are doing political conspiracy to buy paddy - Rekhachand Jain

भाजपा के नेता धान खरीदी को लेकर कर रहे हैं राजनैतिक षड्यंत्र - रेखचंद जैन

जगदलपुर, 06 जनवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा पारित किसान बिल को लेकर बुधवार को जगदलपुर विधायक व संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने भाजपा पर किसानों के हितैषी बनने का ढोंग करने की बात कही। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीद रही है। अभी तक लगभग 20 लाख से अधिक किसानों से 54 लाख मेट्रिक टन धान खरीद चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में किसान विरोधी भाजपा और भाजपा के नेता नरेंद्र मोदी सरकार के तीन किसान विरोधी काला कानून से जनता का ध्यान हटाने के लिए छत्तीसगढ़ में किसानों के धान खरीदी के नाम से राजनैतिक षड्यंत्र कर रहे हैं। संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा कि धान खरीदी पर भाजपा के नेता लगातार झूठ का सहारा ले रहे है। कांग्रेस सरकार ने पहले साल में 80 लाख टन से अधिक और दूसरे साल में 83 लाख टन धान की खरीदी की है। भाजपा की 15 साल की सरकार ने तो 15 लाख से भी कम किसानों से औसत 50 लाख टन धान ही प्रतिवर्ष खरीदा था। इस वर्ष 21 लाख 50 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है। कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, जो भाजपा ने कभी नही सोचा था। भाजपा ने कहा था कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करेंगे, लेकिन अभी तक किसानों की आय बढ़ाने के लिए कुछ भी नही किया। कांग्रेस के कर्ज माफी का लाभ 20 लाख किसान परिवारों को मिला है। रमन सरकार की कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार के चलते ही छत्तीसगढ़ के खजाने पर 41 हजार करोड़ रुपये का कर्जभार चढ़ा। जिसका ब्याज अभी की भूपेश सरकार चुका रही है। पिछले 15 दिनों से जो घटनाक्रम बयानबाजी विशेषकर भाजपा नेताओं की चल रही है, उससे एक बात तो स्पष्ट हो जाती है कि भाजपा के छत्तीसगढ़ के नेता राज्य की धान खरीदी को बाधित करने का षणयंत्र रच रहे है। भाजपा प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी पर भी धान खरीदी पर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा प्रभारी पुरंदेश्वरी को छत्तीसगढ़ के किसानों की भलाई चाहती है, आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का विचार अगर रखती हैं तो भाजपा के 09 सांसदों, 02 राज्यसभा सदस्यों और भाजपा के विधायक को लेकर दिल्ली जाएं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छत्तीसगढ़ के किसानों से प्रति एकड़ 25 क्विंटल धान खरीदी के अनुपात में चावल लेने की अनुमति लेकर आएं। इस दौरान जगदलपुर विधायक के साथ बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष (शहर) राजीव शर्मा, नगर निगम सभापति कविता साहू, महापौर सफिरा साहू सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in