अजय सिंह ने की जन अभियान परिषद में दोबारा ईडी बनाये गये पाण्डेय को हटाने की मांग
अजय सिंह ने की जन अभियान परिषद में दोबारा ईडी बनाये गये पाण्डेय को हटाने की मांग

अजय सिंह ने की जन अभियान परिषद में दोबारा ईडी बनाये गये पाण्डेय को हटाने की मांग

भोपाल, 24 जून (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मप्र विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने एक अयोग्य व्यक्ति धीरेंद्र पाण्डेय को विवादास्पद जन अभियान परिषद में फिर से कार्यपालक निदेशक (ईडी) बना दिया है। नियमों में इस पद पर केवल अखिल भारतीय सेवा के अधिकारी की नियुक्ति की जा सकती है। उन्होंने यह नियुक्ति तत्काल निरस्त करने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि धीरेंद्र पाण्डेय पूर्व में जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक रहते हुये गंभीर वित्तीय अनियमितता के आरोपित हैं। उन्होंने जन अभियान परिषद के मध्यप्रदेश भर में फैले अमले का विगत विधानसभा चुनाव के समय सत्ताधारी दल भाजपा के पक्ष में भारी दुरुपयोग किया था। उस समय मध्यप्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को बार बार सप्रमाण शिकायतें की थी! बाद में आयोग ने जन अभियान परिषद के पदाधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से दूर रखने के निर्देश सरकार को दिये थे। अब सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आगामी विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए फिर से धीरेंद्र पाण्डेय को नियम विरुद्ध परिषद का कार्यपालक निदेशक बना दिया है। इस नियुक्ति से उपचुनावों में धांधली की आशंका है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने आते ही जनवरी 2019 में पाण्डेय को परिषद से हटाकर विज्ञान और प्राद्योगिकी परिषद में सीनियर साइंटिस्ट के उनके मूल पद पर भेज दिया था। बाद में महालेखाकार ने जांच कर गम्भीर वित्तीय अनियमितताएं निकालीं। इनमें पौधारोपण, नदी महोत्सव, जल संसद, नर्मदा सेवा यात्रा, साधु संतों की एकात्म यात्रा आदि में की गई अनियमितताएं शामिल हैं। अजयसिंह ने कहा है कि अब फिर भाजपा सरकार द्वारा वही प्रक्रिया दोहरायी जा रही है। विधानसभा उपचुनावों में भाजपा के पक्ष में धांधलियों की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्वालियर संभाग में पदस्थ जन अभियान परिषद के पदाधिकारियों ने बूथ लेवल पर गुपचुप तरीके से मतदाता सूची के पन्ना प्रभारियों को पुन: सक्रिय करना शुरू कर दिया है। निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी है कि चुनाव आयोग जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को अभी से उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दें। उन्होंने उपचुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस पदाधिकारियों से भी आग्रह किया है कि वे अभी से अपने अपने पोलिंग बूथों पर जन अभियान परिषद की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in