गंभीर ने हमेशा निडरता से सभी चुनौतियों का डट कर सामना किया है : लक्ष्मण
गंभीर ने हमेशा निडरता से सभी चुनौतियों का डट कर सामना किया है : लक्ष्मण

गंभीर ने हमेशा निडरता से सभी चुनौतियों का डट कर सामना किया है : लक्ष्मण

नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कलात्मक बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने गुरुवार को बाएं हाथ के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा निडरता से सभी चुनौतियों का डट कर सामना किया है। लक्ष्मण ने गंभीर का एक फोटो ट्वीट कर लिखा, ''क्रिकेट के मैदान पर यह खिलाड़ी कभी भी किसी चुनौती से पीछे नहीं हटा, चाहे वह दुनिया का कोई भी मैदान हो और कैसा भी पिच क्यों ना हो। इस खिलाड़ी हमेशा निडरता से सभी चुनौतियों का डट कर सामना किया है। गंभीर को पता होता था कि उन्हें कैसे निपटना है।'' बता दें कि पूर्व भारतीय बल्लेबाल लक्ष्मण इन दिनों ट्विटर पर एक श्रृंखला चला रहे हैं, जिसमें वह अपने साथ खेले पूर्व भारतीय खिलाड़ियों की विशेषता बताते हैं। गंभीर से पहले वे आशीष नेहरा, महेन्द्र सिंह धोनी, जहीर खान, सचिन तेंदुलकर, वीरेन्द्र सहवाग, युवराज सिंह, सौरव गांगुली और हरभजन सिंह की विशेषता बता चुके हैं। भारत के बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों में से एक गंभीर ने भारत के लिए कुल 58 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 41.96 की औसत से 4154 रन बनाए हैं। वहीं एकदिवसीय में उन्होंने 39.68 की औसत से 147 मैचों में 5238 रन अपने नाम किए। गंभीर भारत के उन क्रिकेटरों में शुमार हैं जिन्होंने टीम को 2007 में टी-20 विश्व कप और साल 2011 में 50 ओवरों के विश्व कप जीताने में सबसे अहम भूमिका अदा की है। गंभीर ने साल 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप के फाइनल में 75 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचाया था,वहीं 2011 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने अकेले दमपर पारी को संभाला और 122 गेंदों में 97 रनों की मैराथन पारी खेली थी। गंभीर ने इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स को दो बार 2012 और 2014 में चैंपियन बनाया। भारतीय क्रिकेट में गंभीर के इस योगदान के लिए उन्हें देश का चौथा सर्वश्रेष्ठ सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। फिलहाल वे क्रिकेट से संन्यास के बाद पूरी तरह से राजनीति में अपना समय बिता रहे हैं। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से पूर्वी दिल्ली के सांसद हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in